India Squad For Women’s Asia Cup 2026: महिला एशिया कप 2026 के लिए भारतीय टीम का एलान हो गया है. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने रविवार को 15 सदस्यीय भारतीय टीम का एलान किया. इस टीम की कमान एक बार फिर अनुभवी ऑलराउंडर हरमनप्रीत कौर के हाथों में सौंपी गई है. हाल ही में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था. ऐसे में माना जा रहा था कि हरमनप्रीत कौर से कप्तानी छीनी जा सकती है, लेकिन बोर्ड ने उन पर एक बार फिर से भरोसा जताया था. वहीं, बाएं हाथ की अनुभवी बल्लेबाज स्मृति मंधाना को एशिया कप के लिए उप-कप्तान बनाया गया है. जानें किन खिलाड़ियों को मिला मौका…
किन खिलाड़ियों को मिला मौका?
हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली टीम में शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष और रेणुका ठाकुर जैसी खिलाड़ी शामिल हैं. वहीं, बदलावों की बात करें, तो विकेटकीपर बल्लेबाज यास्तिका भाटिया की जगह जी कमलिनी को मौका दिया गया है. इसके अलावा टी20 वर्ल्ड कप में चोटिल होने वाली श्रेयंका पाटिल भी एशिया कप स्क्वाड का हिस्सा नहीं हैं. इसके अलावा रिजर्व कैटगरी में प्रतिका रावल, उमा छेत्री (विकेटकीपर), वैष्णवी शर्मा, सयाली सतघरे और मिन्नू मणि को रखा गया है.
कब खेला जाएगा एशिया कप?
एशियन क्रिकेट काउंसिल की ओर से आयोजित होने वाला एशिया कप 2026 टी20 फॉर्मेट में खेला जाएगा. यह टूर्नामेंट अगस्त के अंत से सितंबर के मध्य तक खेला जाएगा. बीसीसीआई के आधिकारिक बयान के अनुसार, टूर्नामेंट के विस्तृत कार्यक्रम और मुकाबलों की तिथियों की घोषणा जल्द ही एसीसी द्वारा की जाएगी. इस बार प्रतियोगिता में कुल 8 टीमों के हिस्सा लेने की उम्मीद है, जिससे मुकाबला काफी रोमांचक होने की संभावना है.
भारत ने कितनी बार जीता एशिया कप?
महिला एशिया कप अभी तक कुल 9 बार खेला गया था. इसमें से 7 बार भारतीय टीम ने एशिया कप की ट्रॉफी उठाई है. भारतीय टीम इस टूर्नामेंट में हर बार फाइनल में पहुंची है. एक एक बार फिर हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली टीम इंडिया ट्रॉफी उठाने के इरादे से मैदान पर उतरेगी.
एशिया कप 2026 के लिए भारतीय टीम
हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उप-कप्तान), शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, भारती फुलमाली, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), जी. कमलिनी (विकेटकीपर), अरुंधति रेड्डी, प्रेमा रावत, राधा यादव, श्री चरणी, रेणुका ठाकुर, नंदनी शर्मा, क्रांति गौड़