क्रिकेट की दुनिया में जब भी सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय कप्तानों की चर्चा होती है, तो क्लाइव लॉयड, कपिल देव, रिकी पोंटिंग, इमरान खान, एमएस धोनी, विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे दिग्गज नामों का जिक्र सबसे पहले आता है. क्लाइव लॉयड ने वेस्टइंडीज को शुरुआती दो लगातार वनडे वर्ल्ड कप जिताए, तो वहीं 1983 में कपिल देव की कप्तानी में भारत ने पहली बार वर्ल्ड कप की ट्रॉफी उठाई.
ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग ने अपनी कप्तानी में देश को दो बार विश्व विजेता बनाया और टीम को एक अलग ऊंचाई पर पहुंचाया. वहीं विराट कोहली और रोहित शर्मा ने भी अपनी कप्तानी का लोहा पूरी दुनिया में मनवाया है. लेकिन भारतीय टीम के पूर्व कप्तान और पूर्व हेड कोच राहुल द्रविड़ ने इन सभी महान कप्तानों के बीच एमएस धोनी को दुनिया का सबसे बेहतरीन कप्तान चुना है.
धोनी बने द्रविड़ की पहली पसंद
ESPNcricinfo के एक खास क्विज़ के दौरान राहुल द्रविड़ से एलिमिनेशन राउंड (एक-एक करके छांटने का तरीका) के जरिए दुनिया का सबसे बेस्ट कप्तान चुनने को कहा गया था. शुरुआत में बेन स्टोक्स और स्टीव स्मिथ का नाम आया, जिसमें द्रविड़ ने स्मिथ को चुना. इसके बाद उन्होंने केन विलियमसन, अर्जुन रणतुंगा, ग्रीम स्मिथ, स्टीफन फ्लेमिंग, माइकल क्लार्क, इयान मॉर्गन और पैट कमिंस के मुकाबले भी स्टीव स्मिथ को ही ऊपर रखा.
हालांकि, जब रिकी पोंटिंग का नाम आया तो द्रविड़ ने स्मिथ को हटाकर पोंटिंग को चुना. इसके बाद पोंटिंग और एलन बॉर्डर में से उन्होंने पोंटिंग को ही बेहतर बताया, लेकिन स्टीव वॉ का नाम आते ही द्रविड़ ने पोंटिंग की जगह वॉ को चुन लिया. आगे चलकर द्रविड़ ने स्टीव वॉ से ऊपर विराट कोहली को रखा.
जब पाकिस्तान के इमरान खान का नाम आया तो द्रविड़ ने कोहली से आगे इमरान को प्राथमिकता दी. इसके बाद इमरान खान और एमएस धोनी के बीच द्रविड़ ने धोनी को सर्वश्रेष्ठ चुना. आखिरी में जब दो बार के वर्ल्ड कप विजेता क्लाइव लॉयड का नाम सामने आया, तब भी द्रविड़ अपने फैसले पर कायम रहे और एमएस धोनी को ही सबसे बेस्ट अंतरराष्ट्रीय कप्तान घोषित किया.
तीनों आईसीसी ट्रॉफी जीतने वाले दुनिया के इकलौते कप्तान हैं धोनी
एमएस धोनी की गिनती सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि विश्व क्रिकेट के सबसे सफल और महान कप्तानों में होती है. धोनी दुनिया के एकमात्र ऐसे कप्तान हैं जिन्होंने आईसीसी की तीनों बड़ी ट्रॉफियां (T20 वर्ल्ड कप, वनडे वर्ल्ड कप और चैंपियंस ट्रॉफी) अपने नाम की हैं.
उनकी अगुवाई में भारत ने 2007 का पहला टी20 वर्ल्ड कप जीता था. इसके बाद 2011 में 28 साल का लंबा इंतजार खत्म करते हुए भारत को वनडे वर्ल्ड कप दिलाया. फिर 2013 में टीम इंडिया ने धोनी की कप्तानी में ही चैंपियंस ट्रॉफी पर कब्जा जमाया. इतना ही नहीं, 2009 में पहली बार भारतीय टीम टेस्ट फॉर्मेट में भी नंबर-1 बनी थी. यही वजह है कि राहुल द्रविड़ ने इतने बड़े-बड़े दिग्गजों को छोड़कर एमएस धोनी को क्रिकेट इतिहास का सबसे महान कप्तान माना.