पूर्व भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने 2027 वनडे वर्ल्ड कप के लिए अपनी भारतीय टीम चुनी है. इस टीम की सबसे बड़ी बात अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की वापसी है. भुवी, जो करीब चार साल से टीम इंडिया से बाहर हैं, उन्हें अश्विन ने अपने मुख्य 15 खिलाड़ियों में जगह दी है.
ESPNcricinfo से बात करते हुए अश्विन ने अपनी वर्ल्ड कप टीम का ऐलान किया और कुछ खिलाड़ियों को ‘मेबी’ (संभावित) लिस्ट में रखा. अश्विन का मानना है कि इन खिलाड़ियों का चयन आने वाले समय में उनके प्रदर्शन पर निर्भर करेगा.
किन मुख्य खिलाड़ियों को मिली जगह?
अश्विन ने टीम में कई सीनियर और भरोसेमंद खिलाड़ियों पर दांव लगाया है. इनमें विराट कोहली, रोहित शर्मा, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज और जसप्रीत बुमराह शामिल हैं. इसके अलावा उन्होंने विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन और युवा तेज गेंदबाज हर्षित राणा को भी अपनी टीम में शामिल किया है.
दिलचस्प बात यह है कि ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के लिए जाने जाने वाले अभिषेक शर्मा, 15 साल के वैभव सूर्यवंशी और संजू सैमसन जैसे खिलाड़ियों को इस टीम में जगह नहीं मिली है. अश्विन का मानना है कि ये खिलाड़ी फिलहाल टी-20 फॉर्मेट पर ज्यादा ध्यान दे रहे हैं.
संभावित लिस्ट में कौन-कौन?
अश्विन ने जिन खिलाड़ियों को अपनी बैकअप या ‘मेबी’ लिस्ट में रखा है, उनमें यशस्वी जायसवाल, ऋतुराज गायकवाड़, रवींद्र जडेजा, वरुण चक्रवर्ती, मोहम्मद शमी, नीतीश कुमार रेड्डी, प्रसिद्ध कृष्णा, अर्शदीप सिंह और गुरनूर ब्रार के नाम शामिल हैं.
2027 वर्ल्ड कप के लिए अश्विन की भारतीय टीम
शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, रोहित शर्मा, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, ईशान किशन, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, हार्दिक पांड्या, हर्षित राणा, मोहम्मद सिराज, जसप्रीत बुमराह, भुवनेश्वर कुमार.
तीन देश मिलकर करेंगे वर्ल्ड कप की मेजबानी
आईसीसी (ICC) की घोषणा के मुताबिक, 2027 का वनडे वर्ल्ड कप साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया मिलकर होस्ट करेंगे. टूर्नामेंट के सभी मुकाबले कुल 12 मैदानों पर खेले जाएंगे, जिनमें 8 मैदान साउथ अफ्रीका के, 3 जिम्बाब्वे के और 1 मैदान नामीबिया का होगा.