टीम इंडिया के एसिस्टेंट कोच रयान टेन डोशेटे जल्द ही भारतीय टीम का साथ छोड़ सकते हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, वह अपनी मौजूदा भूमिका से संतुष्ट नहीं हैं और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) को अपनी इच्छा से अवगत करा चुके हैं. रयान टेन डोशेटे साल 2024 में हेड कोच गौतम गंभीर की सिफारिश पर टीम इंडिया के सपोर्ट स्टाफ में शामिल हुए थे. इससे पहले दोनों ने कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ मिलकर काम किया था और आईपीएल 2024 में टीम को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी.
रिपोर्ट के मुताबिक, रयान टेन डोशेटे को उम्मीद थी कि चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के बाद उन्हें टीम इंडिया का फील्डिंग कोच बनाया जाएगा. लेकिन टी. दिलीप को एक साल का सेवा विस्तार मिल गया और वह अपने पद पर बने रहे. इसके चलते रयान टेन डोशेटे सहायक कोच तो बने रहे, लेकिन उन्हें कोई स्पष्ट जिम्मेदारी नहीं मिल सकी. यही वजह है कि वह अपनी भूमिका को लेकर निराश बताए जा रहे हैं.
आईपीएल में वापसी की तैयारी?
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि रयान टेन डोशेटे ने बीसीसीआई को बता दिया है कि वह दोबारा इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में कोचिंग करना चाहते हैं. इतना ही नहीं, उन्होंने एक आईपीएल फ्रेंचाइजी के साथ शुरुआती बातचीत भी कर ली है. हालांकि, बीसीसीआई उन्हें अपने साथ बनाए रखना चाहता है. अब यह देखना दिलचस्प होगा कि गौतम गंभीर उन्हें भारतीय टीम में रुकने के लिए मना पाते हैं या नहीं.
टी. दिलीप पर भी बढ़ा दबाव
हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में भारतीय टीम की कमजोर फील्डिंग के बाद टी. दिलीप की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं. अगर रयान टेन डोशेटे टीम छोड़ते हैं, तो बीसीसीआई के सामने नया फील्डिंग कोच नियुक्त करने की चुनौती होगी. हालांकि, श्रीलंका दौरे से पहले इतने कम समय में बदलाव करना आसान नहीं होगा. ऐसे में फिलहाल टी. दिलीप के टीम के साथ बने रहने की संभावना अधिक नजर आ रही है.