Indian Cricketers Retirement: भारतीय क्रिकेट टीम इस समय एक बदलाव के दौर से गुजर रही है. नेशनल टीम में युवा खिलाड़ियों की एंट्री हो रही है, जबकि पुराने खिलाड़ियों को करियर खत्म हो रहा है. 30 जुलाई को भारत के अनुभवी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास का एलान कर दिया. हालांकि अजिंक्य रहाणे पहले ऐसे भारतीय खिलाड़ी नहीं हैं, जिन्होंने साल 2026 में रिटायरमेंट का एलान किया है. इससे पहले इसी साल 2 अन्य खिलाड़ियों ने भी संन्यास का एलान किया था. इसमें विजय शंकर और केएस भरत का नाम शामिल है. अब अजिंक्य रहाणे का नाम भी इस लिस्ट में जुड़ गया है. आइए जानते हैं इन खिलाड़ियों को करियर कैसा रहा…
अजिंक्य रहाणे
अजिंक्य रहाणे कई सालों तक भारतीय टीम का अहम हिस्सा रहे हैं. उन्होंने भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में कुल 85 मुकाबले खेले, जिसमें उनके बल्ले से 38.46 की औसत से 5,077 रन आए. इसमें 12 शतक और 26 अर्धशतक शामिल रहे. इसके अलावा वनडे में रहाणे ने 90 मैचों में 35.26 की औसत से 2,962 रन बनाए, जिसमें उनके बल्ले से 3 शतक और 24 अर्धशतक आए. वहीं, टी20 इंटरनेशनल में रहाणे के नाम 20 मैचों में 375 रन दर्ज हैं.
विजय शंकर
पूर्व भारतीय ऑलराउंडर विजय शंकर ने भी इस साल इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का एलान किया था. उन्होंने 22 मई को अपने संन्यास की घोषणा की थी. उन्होंने भारत के लिए 12 वनडे मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 31.85 की औसत से 223 रन बनाए हैं. साथ ही वनडे में 4 विकेट भी उनके नाम दर्ज हैं. वहीं, टी20 इंटरनेशनल में विजय शंकर ने 9 मैच खेले, जिसमें उनके बल्ले से 25.25 की औसत से 101 रन आए. साथ ही गेंद से 5 शिकार भी किए.
केएस भरत
पूर्व भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज केएस भरत ने भी इसी साल 4 जून को इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का फैसला किया था. केएस भरत ने भी भारतीय टीम के लिए 7 टेस्ट मैच खेले हैं. इसमें उन्होंने 20.09 की औसत 221 रन बनाए हैं. इसमें उनके बल्ले से एक भी अर्धशतक नहीं आया. इसके चलते वह लंबे समय से टीम इंडिया से दूर चल रहे थे. आखिरकार उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया.