Vaibhav Sooryavanshi Vice Captain: 15 साल के बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को घरेलू क्रिकेट में बड़ी जिम्मेदारी मिली है. ईस्ट जोन ने दलीप ट्रॉफी 2026 के लिए वैभव सूर्यवंशी को उप-कप्तान बनाया है. इस टीम की कमान भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन के हाथों में होगी, जिनके डिप्टी वैभव सूर्यवंशी होंगे. वैभव सूर्यवंशी ने हाल ही में इंग्लैंड दौरे पर टी20 इंटरनेशनल में अपना डेब्यू किया था. इसके बाद वह जिम्बाब्वे दौरे पर गए थे, जहां पर उन्होंने 3 मैचों में 5 अर्धशतक लगाकर तहलका मचा दिया. इस सीरीज में उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड दिया गया. इस दौरे के बाद अब वैभव सूर्यवंशी घरेलू क्रिकेट में खेलते दिखाई देंगे.
वैभव का रेड बॉल में रिकॉर्ड
15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने टी20 क्रिकेट में अपने बल्ले से धमाल मचाया है, लेकिन रेड बॉल में उनके आंकड़े उतने अच्छे नहीं हैं. वैभव सूर्यवंशी ने अभी तक फर्स्ट क्लास क्रिकेट में बिहार के लिए 8 मैच खेले हैं. इस दौरान उन्होंने 12 पारियों में 17.25 की औसत और 90 के स्ट्राइक रेट से 207 रन बनाए हैं. इससे पता चलता है कि वैभव सूर्यवंशी को अभी रेड बॉल क्रिकेट में अपने खेल पर काफी काम करने की जरूरत है.
यूथ टेस्ट में सूर्यवंशी का रिकॉर्ड
वैभव सूर्यवंशी ने भारतीय अंडर-19 के लिए कुल 6 यूथ टेस्ट खेले हैं. इसमें उन्होंने 33 की औसत और 137 की स्ट्राइक रेट से 331 रन बनाए हैं. इसमें 2 शतक शामिल हैं. वैभव सूर्यवंशी ने ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ उन्होंने 58 गेंदों पर शतक लगाया था.
ईशान किशन की कप्तानी में खेलेंगे सूर्यवंशी?
दलीप ट्रॉफी 2026 में वैभव सूर्यवंशी ईस्ट जोन की ओर से खेलते दिखाई देंगे. ईशान किशन इस टीम की कप्तानी करेंगे. उनके अलावा भारतीय टीम के अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी और मुकेश कुमार भी इस टीम में शामिल हैं.
कब से शुरू होगा टूर्नामेंट?
दलीप ट्रॉफी 2026 की शुरुआत 23 अगस्त से होगी. इस टूर्नामेंट में कुल 5 जोन की टीमें हिस्सा लेती हैं. पहला मुकाबला ईस्ट जोन बनाम नॉर्थ ईस्ट जोन खेला जाएगा. वहीं नॉर्थ और वेस्ट जोन की टीमों के बीच दूसरा मैच होगा. ये दोनों मुकाबला क्वार्टर फाइनल होंगे. सेंट्रल और साउथ जोन को सीधे सेमीफाइनल में एंट्री मिली है. बता दें कि इस टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 6 सितंबर को खेला जाएगा.
ईस्ट जोन की स्क्वाड
ईशान किशन (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी (उप-कप्तान), अभिमन्यु ईश्वरन, कुमार कुशाग्र, विराट सिंह, अनुकूल रॉय, सुदीप घरामी, शिखर मोहन, सुब्रांशु सेनापति, अभिजीत सरकार, डेनिश दास, मोहम्मद शमी, मुकेश कुमार और शाहबाज अहमद और सूरज जायसवाल.