भारतीय टीम के पूर्व तेज गेंदबाज और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के पूर्व खिलाड़ी विनय कुमार 2026-27 घरेलू सीजन से कर्नाटक मेंस क्रिकेट टीम के नए हेड कोच बन सकते हैं. पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, 42 साल के विनय कुमार येर्रे गौड़ की जगह यह जिम्मेदारी संभालेंगे. पिछले सीजन में कर्नाटक की टीम रणजी ट्रॉफी के फाइनल तक पहुंची थी, लेकिन जम्मू-कश्मीर के खिलाफ उसे हार का सामना करना पड़ा था. विनय अब टीम की मैनेजमेंट संभालेंगे.
विनय कुमार का कर्नाटक क्रिकेट से काफी पुराना और मजबूत रिश्ता रहा है. उन्होंने अपनी कप्तानी में टीम को 2013-14 और 2014-15 में लगातार दो रणजी ट्रॉफी खिताब जिताए थे. इन दोनों सीजन में कर्नाटक ने विजय हजारे ट्रॉफी और ईरानी ट्रॉफी भी अपने नाम की थी. कर्नाटक का पिछला घरेलू खिताब 2024-25 सीजन में आया था, जब टीम ने विजय हजारे ट्रॉफी के फाइनल में विदर्भ को 36 रन से हराया था.
विनय कुमार का शानदार क्रिकेट करियर
भले विनय का टीम इंडिया में करियर ज्यादा लंबा नहीं चल सका लेकिन विनय कुमार ने 2010 से 2013 के बीच भारत के लिए एक टेस्ट, 31 वनडे और नौ टी20 इंटरनेशनल मैच खेले. उन्होंने आईपीएल में 105 मुकाबले खेले और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, कोच्चि टस्कर्स केरल, कोलकाता नाइट राइडर्स और मुंबई इंडियंस का हिस्सा रहे. 2021 में पेशेवर क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद उन्होंने कमेंटेटर और मुंबई इंडियंस के टैलेंट स्काउट के तौर पर काम किया.
कर्नाटक को फिर चैंपियन बनाने की चुनौती
विनय के साथ उनके पूर्व कर्नाटक टीम साथी दीपक चौगुले फील्डिंग कोच की भूमिका संभाल सकते हैं. वहीं, मंसूर अली खान के गेंदबाजी कोच के पद पर बने रहने की उम्मीद है. 2026-27 रणजी ट्रॉफी में कर्नाटक को एलीट ग्रुप बी में रखा गया है. इस ग्रुप में हैदराबाद, त्रिपुरा, आंध्र, पंजाब, असम, सौराष्ट्र और छत्तीसगढ़ भी शामिल हैं. ऐसे में विनय के सामने टीम को फिर से घरेलू चैंपियन बनाने की बड़ी जिम्मेदारी होगी.