Yash Dayal RCB IPL 2027: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने IPL 2027 के लिए यश दयाल को रिटेन कर एक बार फिर उन पर भरोसा जताया है. पिछले सीजन क्रिकेट से दूर रहने वाले बाएं हाथ के तेज गेंदबाज को खुद भी फ्रेंचाइजी के इस फैसले की उम्मीद नहीं थी. अब यश दयाल ने आगामी सीजन में अपने प्रदर्शन से टीम के भरोसे पर खरा उतरने का वादा किया है.
दयाल ने कहा कि RCB का उन्हें बनाए रखना उनके लिए बड़ी बात है. उन्हें अंदाजा नहीं था कि टीम उन्हें अगले सीजन के लिए भी अपने साथ रखेगी. उन्होंने कहा कि वह अपने अनुभव का इस्तेमाल करते हुए IPL 2027 में टीम के लिए अपना 100 प्रतिशत देने की कोशिश करेंगे.
IPL 2026 से दूर रहने का रहा दर्द
यश दयाल IPL 2026 में नहीं खेल पाए थे. मैदान से दूर रहते हुए टीवी पर अपनी टीम के मुकाबले देखना उनके लिए आसान नहीं था. उन्होंने स्वीकार किया कि अपने साथियों को खेलते देख घर बैठना दुखद था, लेकिन अब वह दोबारा क्रिकेट खेल पा रहे हैं और इसी बात से खुश हैं.
भुवनेश्वर और कुलदीप से मिली मदद
क्रिकेट में वापसी के दौरान यश दयाल ने उत्तर प्रदेश टीम के साथी भुवनेश्वर कुमार और कुलदीप यादव से भी चर्चा की. उन्होंने बताया कि गेंदबाजी के दौरान आखिरी समय में योजना बनाने और उसे स्पष्टता के साथ लागू करने की सलाह से उन्हें फायदा मिला. इससे मैदान पर अपने फैसलों को बेहतर तरीके से लागू करने में मदद मिली.
दयाल ने IPL 2025 में RCB की खिताबी जीत में अहम योगदान दिया था और 15 मैचों में 13 विकेट लिए थे. अब IPL 2027 उनके लिए वापसी का बड़ा मौका होगा, जहां वह एक बार फिर अपनी गेंदबाजी से टीम को मजबूत बनाने की कोशिश करेंगे.