बिहार के औरंगाबाद जिले में एक बार फिर ऐसा हादसा हुआ है, जिसमें बेगुनाह की जान तो बच गई, लेकिन प्रशासन और सड़क सुरक्षा के नियमो पर सवाल खड़े कर दिए हैं. मामला अंबा-नबीनगर मुख्य पथ पर भारत पेट्रोल पंप के करीब कुटुंबा क्षेत्र का है, जहां सड़क किनारे अवैध रूप से खड़ी हाईवा एक बार फिर हादसे का कारण बन गई. मंगलवार तड़के करीब चार बजे एक स्कूटी खड़ी हाईवा से जा टकराई, जिसमें स्कूटी सवार गंभीर रूप से घायल हो गया. यहां हालात इतने गंभीर हो गए कि घायल को तुरंत वाराणसी रेफर करना पड़ा.
कब हुआ हादसा
सड़क हादसे में घायल व्यक्ति की पहचान घेउरा गांव निवासी राजेंद्र मेहता के रूप में हुई है. वह अपने रिश्तेदार के तिलक समारोह में शामिल होकर ओरडीह गांव से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान अंधेरे में सड़क किनारे खड़ी हाईवा दिखाई नहीं दी और उनकी स्कूटी सीधे उसमें जा भिड़ी.
गंभीर हालात, वाराणसी रेफर
हादसा इतना भीषण था कि राजेंद्र मेहता के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं. स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तत्काल रेफरल अस्पताल, कुटुंबा पहुंचाया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल, औरंगाबाद रेफर कर दिया.
स्थानीय लोग नाराज
ये हाईवा से एक्सीडेंट की कोई पहली घटना नहीं है. स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस तरह सड़क के किनारे खड़ी गाड़ियो से आए दिन हादसे होते-होते बच जाते हैं. कई बार ये हाईवा बड़े हादसों का कारण भी बन चुकी है, लेकिन प्रशासन ने कई सख्त कार्रवाई नहीं की है.
फिल्हाल, ग्रामीणों ने सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े भारी वाहनों को तत्काल हटाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके.