Bihar News: एक तरफ दुनिया चांद और मंगल को फतह करने की बात कर रही है, वहीं दूसरी ओर हमारे समाज का एक हिस्सा आज भी अंधविश्वास की काली गुफाओं में दम तोड़ रहा है. मामला बिहार के पटना जिले का है, जहां ‘डायन’ के नाम पर एक महिला की अस्मिता और उसकी जान के साथ खिलवाड़ किया गया.
इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली यह घटना पटना के बाढ़ थाना क्षेत्र की है. यहां के दयाचक स्थित पुरानी पोस्ट ऑफिस गली में उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब एक बेकसूर महिला अंजलि देवी को अंधविश्वास की भेंट चढ़ाने की कोशिश की गई.
‘डायन’ होने का आरोप लगाते हुए लाठी-डंडों से पीटा
पीड़िता अंजलि देवी अपनी दूध की दुकान पर बैठी थी. तभी 8 से 10 लोगों का एक उग्र समूह, जिसमें महिलाएं भी शामिल थीं, वहां पहुंचा. भीड़ ने अंजलि पर ‘डायन’ होने का आरोप लगाते हुए भद्दी गालियां देनी शुरू कर दीं. विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों और बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी.
मारपीट इतनी बर्बर थी कि अंजलि देवी दर्द से कराहते हुए मौके पर ही बेहोश हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए. परिजन आनन-फानन में अंजलि को लेकर बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे, जहां फिलहाल उसका इलाज चल रहा है.
पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की
पीड़िता के परिवार ने बाढ़ थाने में नामजद शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस से इंसाफ की गुहार लगाई है. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.
पीड़िता के परिजन ने बताया- ”हम अपनी दुकान पर थे, तभी अचानक भीड़ आई और उसे डायन कहकर मारने लगी. समाज में आज भी ऐसी सोच होना डरावना है. हमें पुलिस से सख्त कार्रवाई की उम्मीद है.”
यह घटना केवल एक महिला पर हमला नहीं, बल्कि हमारी न्याय प्रणाली और शिक्षा व्यवस्था के लिए एक बड़ी चुनौती है. क्या हम वाकई आधुनिक हो रहे हैं, या आज भी हमारी सोच मध्यकालीन अंधेरों में फंसी है?
(गौरी शंकर प्रसाद की रिपोर्ट)