राजधानी दिल्ली का एक आलीशान होटल, एक हाई-प्रोफाइल मंत्री जी और एक महिला के साथ कथित विवाद… क्या वाकई बंद कमरों के पीछे कुछ ऐसा हुआ जिसने बिहार की राजनीति में भूचाल ला दिया है? चर्चाओं का बाजार गर्म है कि दिल्ली के एक होटल में बिहार सरकार के एक मंत्री और एक युवती के बीच तीखी बहस हुई, जिसके बाद बात काफी आगे बढ़ गई.
कहा तो यह भी जा रहा है कि होटल स्टाफ के बीच-बचाव के बाद किसी तरह मामला शांत हुआ और फिर इस पूरे विवाद को रफा-दफा करने के लिए लाखों रुपये का ‘लेन-देन’ भी किया गया. हालांकि, इन दावों की सच्चाई क्या है, यह अभी जांच का विषय है. लेकिन इस बीच महुआ से चुनाव हार चुके जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए सीधा हमला बोलकर इस मामले को सड़क से लेकर सियासी गलियारों तक गर्म कर दिया है.
विधायक संजय कुमार सिंह पर उठाए गंभीर सवाल
दरअसल, जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बिहार सरकार के मंत्री और महुआ सीट से एलजेपी (रामविलास) के विधायक संजय कुमार सिंह पर गंभीर सवाल उठाए हैं. तेज प्रताप यादव ने दिल्ली के एक होटल में एक महिला के साथ हुए कथित दुर्व्यवहार और इस मामले को दबाने के लिए पैसों के लेन-देन के आरोपों की जांच कराने की मांग की है.
तेज प्रताप ने किया विवादित पोस्ट
अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में तेज प्रताप यादव ने लिखा कि अगर दिल्ली के होटल में महिला के साथ दुर्व्यवहार के आरोप सच हैं, तो यह बेहद गंभीर और चिंताजनक मामला है.
उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है और कहा है कि यदि कोई दोषी पाया जाता है, तो कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई होनी चाहिए. तेजप्रताप यादव ने तो संजय सिंह को युवती द्वारा चप्पल से पीटे जाने की तस्वीर दिखाई है, हालांकि यह तस्वीर AI से बनी है.
महुआ विधायक संजय सिंह को लेकर गंभीर आरोपों पर उठे सवाल
महुआ से विधायक एवं मंत्री संजय सिंह को लेकर दिल्ली के एक होटल में एक युवती के साथ कथित रूप से अभद्र व्यवहार और उसके शोषण का प्रयास किए जाने के गंभीर आरोप सामने आ रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि होटल कर्मियों के हस्तक्षेप से… pic.twitter.com/03aslmE58w
— Tej Pratap Yadav (@TejYadav14) August 29, 2026
दिल्ली के होटल में क्या हुआ था?
सामने आए आरोपों के मुताबिक, यह घटना दिल्ली के एक होटल की बताई जा रही है. सोशल मीडिया और राजनीतिक बयानों के अनुसार, मंत्री संजय कुमार सिंह की होटल के एक कमरे में एक युवती के साथ बहस हुई थी. आरोप है कि वहां महिला के साथ गलत व्यवहार किया गया, जिसके बाद होटल के स्टाफ ने बीच-बचाव करके स्थिति को संभाला. हालांकि, इन आरोपों की अब तक कोई आधिकारिक या स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है, इसलिए इन्हें फिलहाल सिर्फ आरोप ही माना जा रहा है.
मामला दबाने के लिए 25 लाख देने का दावा
विवाद को शांत करने के लिए पैसों के लेन-देन की बात भी सामने आ रही है. सोशल मीडिया पोस्ट्स और राजनीतिक दावों में कहा जा रहा है कि मामले को दबाने के लिए करीब 25 लाख रुपये देने की कोशिश की गई थी. इससे पहले 5 लाख रुपये के लेन-देन की चर्चा भी सामने आई थी. हालांकि, इस कथित लेन-देन की भी अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है.
आपको बताते चलें कि साल 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में संजय कुमार सिंह ने महुआ सीट से तेज प्रताप यादव को हराया था. चुनाव जीतने के बाद संजय सिंह को नीतीश कुमार की सरकार में मंत्री बनाया गया था.