Neha Bohra Temple Remark Controversy: दिल्ली की वकील अमिता सचदेवा ने बुधवार को AISA अध्यक्ष नेहा बोरा के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. यह शिकायत ब्राह्मण महिलाओं और मंदिर के पुजारियों को लेकर दिए गए उनके बयान पर की गई है. शिकायतकर्ता का कहना है कि इस तरह के बयान अलग-अलग समुदायों के बीच दुश्मनी और आपसी तनाव को बढ़ावा देते हैं.
FIR दर्ज कराने की मांग
अमिता सचदेवा ने समाचार एजेंसी ANI से बातचीत में बताया कि उन्होंने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196 के तहत पुलिस में शिकायत दी है. उन्होंने कहा कि अगर दिल्ली पुलिस इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं करती है तो वह अदालत का दरवाजा खटखटाएंगी. इसके लिए वह भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 175 की उपधारा 3 के तहत FIR दर्ज कराने की मांग करेंगी.
अमिता सचदेवा ने जताई आपत्ति
अमिता सचदेवा ने आगे कहा कि, ‘मुझे नेहा बोरा के उस बयान के बारे में पता चला, जिसमें उन्होंने कहा था कि ब्राह्मणवाद के तहत ब्राह्मण महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं. मैं इस बयान की कड़ी निंदा करती हूं. इस तरह के बयान अलग-अलग समुदायों के बीच दुश्मनी और तनाव पैदा करते हैं.’ उन्होंने आगे बताया कि पुलिस ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत करने के बाद उचित कदम उठाए जाएंगे. वह कुछ दिन तक पुलिस की कार्रवाई का इंतजार करेंगी. जरूरत पड़ने पर DCP से भी मिलेंगी.
2 नवंबर को सामने आया था पुराना वीडियो
यह पूरा मामला 2 नवंबर को सामने आए नेहा बोरा के एक पुराने वीडियो से जुड़ा है. इस वीडियो में उन्होंने मंदिरों के अंदर ब्राह्मण महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए थे. उन्होंने मंदिरों में पुजारियों द्वारा महिलाओं के साथ दुष्कर्म किए जाने की आशंका भी जताई थी. वीडियो में नेहा बोरा ने कहा था कि महिलाओं को सुरक्षा की जरूरत है, लेकिन यह सुरक्षा ब्राह्मणवादी व्यवस्था से भी मिलनी चाहिए. उन्होंने कहा कि जिस व्यवस्था में गरीबों, शूद्रों, जानवरों और महिलाओं को सजा या फटकार का पात्र माना जाता है, उसी व्यवस्था में ब्राह्मण महिलाएं भी सुरक्षित नहीं हैं. उन्होंने उन्नाव और कठुआ की घटनाओं का जिक्र करते हुए मंदिरों के अंदर पुजारियों पर दुष्कर्म के आरोपों की बात कही थी.
ये भी पढ़ें: राम जी के पांच बाप थे… धीरेंद्र शास्त्री के नए बयान पर भड़के अखिलेश यादव, सभी कार्यक्रम रद्द करने की मांग
BJP नेता ने वीडियो शेयर कर की आलोचना
नेहा बोरा का यह वीडियो BJP नेता प्रदीप भंडारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर किया था. उन्होंने नेहा बोरा के बयान की आलोचना की और कांग्रेस पर हिंदू विरोधी विचारों को बढ़ावा देने का आरोप लगाया. प्रदीप भंडारी ने अपनी पोस्ट में लिखा कि नेहा बोरा राहुल गांधी की विचारधारा से प्रभावित हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस हिंदुओं के खिलाफ बयानबाजी करती है और वोट बैंक की राजनीति करती है.
ये भी पढ़ें: कौन हैं ACP मनस्वी वशिष्ठ? जिन्हें किया गया सस्पेंड; जानें क्या है पूरा मामला