Delhi Metro Golden Line: दक्षिणी दिल्ली में रहने वाले लोगों के लिए आने वाले दिनों में मेट्रो का सफर पहले से कहीं ज्यादा आसान होने वाला है. ग्रेटर कैलाश, चिराग दिल्ली, पुष्प विहार और साकेत जैसे इलाकों में रहने वालों को अब मेट्रो पकड़ने के लिए बसों और ऑटो के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे. दिल्ली मेट्रो का नया कॉरिडोर इन इलाकों की कनेक्टिविटी बदलने की तैयारी में है. खास बात यह है कि इस रूट पर आठ नए स्टेशन बनाए जाएंगे, जिससे हजारों यात्रियों को रोजाना राहत मिलने की उम्मीद है.
8 KM लंबा होगा नया मेट्रो रूट
दिल्ली मेट्रो रेल निगम (DMRC) लाजपत नगर से साकेत जी ब्लॉक तक गोल्डन लाइन का 8.385 किलोमीटर लंबा कॉरिडोर तैयार कर रहा है. इस रूट पर कुल आठ स्टेशन होंगे. इनमें लाजपत नगर, एंड्रयूज गंज, ग्रेटर कैलाश-1, चिराग दिल्ली, पुष्पा भवन, साकेत डिस्ट्रिक्ट सेंटर, पुष्प विहार और साकेत जी ब्लॉक शामिल हैं. इनमें से सात एलिवेटेड स्टेशनों के निर्माण के लिए 137.92 करोड़ रुपये का ठेका दिया गया है. इन स्टेशनों को 22 महीने के भीतर तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है. वहीं, लाजपत नगर स्टेशन का निर्माण अलग से कराया जाएगा.
यहां के लोगों की बदलेगी जिंदगी
अभी दक्षिणी दिल्ली के कई इलाकों से मेट्रो स्टेशन तक पहुंचना आसान नहीं है. लोगों को पहले बस, ऑटो या निजी वाहन से सफर करना पड़ता है. खासकर ग्रेटर कैलाश, चिराग दिल्ली और पुष्प विहार के लोगों को इससे राहत मिलने की उम्मीद है. नया कॉरिडोर शुरू होने के बाद बाजारों, स्कूल-कॉलेजों, सरकारी दफ्तरों और साकेत के व्यावसायिक केंद्रों तक पहुंचना भी आसान हो जाएगा.
तीन जगह बदल सकेंगे मेट्रो
इस कॉरिडोर की सबसे बड़ी खासियत इसकी इंटरचेंज सुविधा है. लाजपत नगर में तीन मेट्रो लाइनों के बीच कनेक्टिविटी मिलेगी. चिराग दिल्ली स्टेशन पर मजेंटा लाइन से जुड़ने का विकल्प होगा. वहीं साकेत जी ब्लॉक स्टेशन एयरोसिटी-तुगलकाबाद कॉरिडोर से जुड़ेगा. इससे यात्रियों को एयरपोर्ट, नोएडा और दिल्ली के दूसरे इलाकों तक पहुंचने में आसानी होगी.
कब तक पूरा होगा काम?
इस कॉरिडोर के निर्माण की शुरुआत पिछले साल दिसंबर में हुई थी. अब स्टेशनों का काम भी आगे बढ़ने वाला है. पूरी परियोजना को जून 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है.
ये भी पढ़ें: BJP विधायक सुशील सिंह के काफिले में हड़कंप, तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने दो फॉर्च्यूनर को मारी टक्कर; एक पलटी, युवक गंभीर