Haryana Crime News: हरियाणा के नूंह किसी ने किसी वजह से सुर्खियों में बना रहा है. अब एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने शहर के नाम को बदनाम किया है. दरअसल, जिले के रोजका मेव थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने देवर पर जबरदस्ती रेप करने की कोशिश, छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है. पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक आरोपी पूर्व कार्यवाहक महिला सरपंच के पति है. पीड़िता की ओर से पुलिस को दी गई शिकायत में उसने बताया कि उसका पति लंबे समय से लकवे की बीमारी से पीड़ित है. इस दौरान उसका देवर पिछले कई महीनों से उस पर गलत नजर रखता था और कथित तौर पर देर रात फोन कर अश्लील बातें करता था और जबरन संबंध बनाने का दबाव बनाता था.
अपनी हरकतों से बाज नहीं आया देवर
पीड़िता ने बताया कि वह आरोपी को लगातार इनकार करती रही, लेकिन उसके बाद भी अपनी हरकतों से बाज नहीं आया. शिकायत के अनुसार 13 अप्रैल को जब वह अपने घर लौटी और कमरे में आराम कर रही थी, तभी आरोपी देवर पपीज पुत्र खेचड़ा जबरन कमरे में घुस आया और उसके साथ अश्लील हरकतें करते हुए जबरदस्ती संबंध बनाने का प्रयास किया.
महिला के शोर मचाने पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी. इसी दौरान बच्चों के कमरे में पहुंचने पर आरोपी मौके से फरार हो गया. पीड़िता ने पुलिस से अपनी और अपने बच्चों की सुरक्षा की मांग करते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है.
जांच के आधार पर आगे की होगी कार्रवाई- पुलिस
फिलहाल थाना रोजका मेव पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है और पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
पंजाब की एक नर्स का भी ड्राइवर ने किया था रेप
बता दें कि इससे पहले मार्च महीने में नूंह में पंजाब की 25 साल की एक नर्स को ट्रक ड्राइवर ने कई दिनों तक बंधक बनाकर रखा और उसके साथ कई बार रेप किया था. इस दौरान आरोपी ने उसे जान से मारने और उसका आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर डालने की भी धमकी दी थी. इसके बाद पीड़िता किसी तरह रात में वहां से भाग निकली. इसके पुलिस में शिकायत दी. बाद में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था.