Diljit Dosanjh Delhi Concert: पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के लाइव कॉन्सर्ट का इंतजार कर रहे फैंस के लिए राहत की खबर है. दिल्ली में उनके आगामी शो को पुलिस की मंजूरी मिल गई है. पहले सुरक्षा संबंधी चिंताओं के कारण कार्यक्रम पर संशय बना हुआ था और इसके रद्द होने की अटकलें लगाई जा रही थीं. हालांकि अब आयोजकों और पुलिस के बीच सहमति बनने के बाद साफ हो गया है कि दिल्ली में कॉन्सर्ट 30 अक्टूबर को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित किया जाएगा. यह खबर ऐसे समय में आई है, जब दिलजीत के एक अन्य शो को लेकर धमकी भरे ई-मेल का मामला भी सामने आया है.
दिल्ली कॉन्सर्ट को किन शर्तों पर मिली मंजूरी?
दिल्ली में दिलजीत दोसांझ का शो जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित होना है. कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पुलिस की प्राथमिकता रही. अधिकारियों ने आयोजकों के सामने भीड़ को नियंत्रित करने, पर्याप्त निजी सुरक्षा गार्ड तैनात करने और अन्य सुरक्षा इंतजामों से जुड़ी शर्तें रखीं. आयोजकों की ओर से इन शर्तों पर सहमति दिए जाने के बाद कार्यक्रम को मंजूरी मिली. इससे पहले शो की अनुमति को लेकर असमंजस की स्थिति थी. ऐसे में कॉन्सर्ट रद्द होने की आशंका से फैंस परेशान थे. अब मंजूरी मिलने के बाद दर्शकों को राहत मिली है. हालांकि, कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करना आयोजकों के लिए अहम होगा.
कहां-कहां होगा दिलजीत का कॉन्सर्ट?
दिलजीत दोसांझ के लाइव शो का सिलसिला दिल्ली तक सीमित नहीं है. निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, उनका कॉन्सर्ट 30 अक्टूबर को दिल्ली में, 15 नवंबर को इंदौर, 21 नवंबर को अहमदाबाद, 27 नवंबर को मुंबई, 29 नवंबर को बेंगलुरु और 5 दिसंबर को लखनऊ में होना है.
सिंगर ही नहीं एक्टर भी हैं दिलजीत
सिंगिंग के साथ-साथ दिलजीत अपनी एक्टिंग के लिए भी जाने जाते हैं. उनकी फिल्मों और संगीत को लेकर अक्सर चर्चा होती रहती है. उनकी पंजाबी फिल्म ‘सरदारजी 3’ भी विवादों में रही थी, जिसमें पाकिस्तानी अभिनेत्री के काम करने को लेकर सवाल उठे थे. पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तानी कलाकारों की भारत में मौजूदगी और उनके साथ काम करने को लेकर बहस तेज हुई थी.
मुंबई कॉन्सर्ट को ग्रेनेड हमले की धमकी
दिलजीत का 27 नवंबर को मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में कार्यक्रम प्रस्तावित है. इसी आयोजन को लेकर धमकी भरा ई-मेल सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं. ई-मेल में कॉन्सर्ट पर ग्रेनेड से हमला करने की धमकी देने के साथ अभिनेता अमिताभ बच्चन के जुहू स्थित बंगले जलसा को भी निशाना बनाने की बात कही गई थी. धमकी के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की.
ये भी पढ़ें: Jyoti Singh: ‘अच्छा पति मिले तभी सिंदूर लगाना’, ज्योति सिंह का वीडियो वायरल, पवन सिंह से जुड़ रहा बयान!