Damoh family death case: रक्षाबंधन का त्योहार जहां भाई-बहन के प्यार और मिलन का पर्व माना जाता है, वहीं मध्य प्रदेश के दमोह से इस दिन ऐसी दर्दनाक घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया. जिले में एक युवक की ट्रेन से कटकर मौत के कुछ ही समय बाद उसके माता-पिता की भी रेलवे ट्रैक पर जान चली गई. एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत के बाद गांव और आसपास के इलाके में शोक का माहौल है.
बहन को लेने गया था छोटा भाई
बताया जा रहा है कि परिवार का छोटा भाई रक्षाबंधन मनाने के लिए अपनी बहन को लेने दूसरे जिले गया था. इसी दौरान घर से दुखद खबर सामने आई. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, करैया गांव के पास मुकेश अहिरवार ट्रेन की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौत हो गई. युवक की मौत की खबर जब उसके माता-पिता तक पहुंची तो परिवार में कोहराम मच गया. बेटे को खोने के बाद माता-पिता गहरे सदमे में चले गए.
बेटे की मौत के बाद माता-पिता की भी गई जान
मुकेश की मौत के कुछ ही समय बाद दमोह कोतवाली थाना क्षेत्र के धरमपुरा फाटक के पास उसके माता-पिता भारत अहिरवार और उमा अहिरवार ने भी ट्रेन आगे कूदकर अपनी जान देदी. दोनों की मौके पर ही मौत होने की बात सामने आई है. एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और इलाके में मातम छा गया. रक्षाबंधन जैसे पर्व के दिन हुई इस घटना ने हर किसी को झकझोर दिया.
घटना की वजह अभी स्पष्ट नहीं
पुलिस के सामने अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर परिवार के तीन लोगों की मौत की परिस्थितियां क्या थीं. शुरुआती तौर पर घटना को पारिवारिक विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है. पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही मौत के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी. इसलिए फिलहाल किसी एक कारण को घटना का निश्चित कारण मानना जल्दबाजी होगी.
मौके पर पहुंची पुलिस और जीआरपी
घटना की सूचना मिलते ही दमोह कोतवाली पुलिस और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच की कार्रवाई शुरू कर दी है. घटनास्थल की परिस्थितियों, परिजनों के बयान और उपलब्ध अन्य साक्ष्यों की पड़ताल की जा रही है. कोतवाली थाना प्रभारी मनीष कुमार के मुताबिक, मामले की जांच जारी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं को देखा जा रहा है. जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की तस्वीर साफ होगी.
रक्षाबंधन के दिन मातम में बदली खुशियां
जिस घर में रक्षाबंधन को लेकर खुशियों की तैयारी होनी थी, वहां कुछ ही समय में मातम पसर गया. परिवार के तीन सदस्यों की मौत से रिश्तेदारों और आसपास के लोगों में भी शोक की लहर है. घटना ने न सिर्फ परिवार, बल्कि पूरे इलाके को गहरे सदमे में डाल दिया है.