Rewa Traffic Police: शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए पुलिस प्रशासन अब एक्शन मोड में नजर आ रहा है. इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह चौहान ने मंगलवार को 43 डिग्री की भीषण गर्मी के बीच स्वयं सड़क पर उतरकर ट्रैफिक व्यवस्था का जायजा लिया.
दोपहर की तेज गर्मी में एसपी अचानक शहर के सबसे व्यस्त जय स्तंभ चौक पहुंचे. उन्हें चौराहे के बीच खड़े होकर यातायात संचालन और व्यवस्थाओं की निगरानी करते देख आम नागरिकों और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए. इस दौरान उन्होंने स्वयं वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी.
रीवा शहर में जाम से परेशान लोग
रीवा शहर में पिछले कुछ समय से ट्रैफिक व्यवस्था लगातार बदहाल बनी हुई है. जिन मार्गों पर पहले 10 से 15 मिनट में पहुंचा जा सकता था, वहां अब लोगों को डेढ़ से दो घंटे तक जाम में फंसना पड़ रहा है. शहर की प्रमुख सड़कों से लेकर हाईवे तक जाम की समस्या ने आमजन का जीवन प्रभावित कर दिया है.
निरीक्षण के दौरान एसपी ने चौराहे पर तैनात पुलिसकर्मियों को यातायात व्यवस्था सुधारने के सख्त निर्देश दिए. साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाले कई चार पहिया वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई भी की गई.
एसपी शैलेंद्र सिंह चौहान की इस सक्रियता और समर्पण की स्थानीय नागरिकों ने सराहना की है. इससे पहले नगर निगम के नवागत आयुक्त ने भी सुबह शहर के प्रमुख मार्गों का निरीक्षण किया था. प्रशासन की लगातार सक्रियता से अब शहरवासियों को ट्रैफिक जाम से राहत मिलने की उम्मीद जगी है.
Disclaimer: The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.