Singrauli Bank Loot News: मध्य प्रदेश के सिंगरौली में बैंक लूट मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. रोहतास में डेहरी रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की टीम ने ट्रेन में सफर कर रहे एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया है. आरोपी सिंगरौली-पटना एक्सप्रेस में नवीनगर स्टेशन के पास पकड़ा गया, जिसकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की. तलाशी में आरोपी के बैग से 15 लाख रुपये से अधिक नकद और करीब 61 ग्राम सोने के गहने बरामद किए गए.
इसके बाद आरोपी को तुरंत हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई. गिरफ्तार युवक की पहचान कमलेश कुमार के रूप में हुई है, जो नालंदा जिले के हिलसा थाना क्षेत्र के ग्वाल बिगहा गांव का निवासी बताया जा रहा है. पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं. उसने कबूल किया कि वह मध्यप्रदेश के सिंगरौली स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र में हुई डकैती में शामिल था.
मास्टरमाइंड की भूमिका में भी रहा है कमलेश
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि कमलेश कुमार इस पूरे गिरोह का अहम सदस्य है और मास्टरमाइंड की भूमिका में भी रहा है. उसके खिलाफ पहले से चोरी समेत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं.
बीते शुक्रवार को सार्वजनिक क्षेत्र के एक बैंक में 5.7 करोड़ रुपये मूल्य के सोने और नकदी की लूट हुई थी. शुरुआत में बैंक ऑफ महाराष्ट्र की शाखा में हुई इस घटना में केवल 14 लाख रुपये की लूट की बात कही गई थी, लेकिन जांच में सामने आया कि कुल 5.7 करोड़ रुपये मूल्य का सोना और नकदी लूटी गई थी.
50,000 रुपये के इनाम की घोषणा
पुलिस ने बताया कि सिंगरौली जिला उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ की सीमा से लगा हुआ है, जिससे आरोपियों के भागने में आसानी हुई. एमपी के पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना ने बताया कि लुटेरों का पता लगाने के लिए उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ और बिहार पुलिस की सहायता ली गई है. साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी में मदद करने वालों के लिए 50,000 रुपये के इनाम की घोषणा की गई है.
पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री ने बताया कि पांच हथियारबंद बदमाशों ने शुक्रवार को बैंक परिसर में घुसकर सोने के आभूषण और करीब 20 लाख रुपये नकद लूट लिए. उन्होंने बताया कि लुटेरों ने कर्मचारियों और ग्राहकों को बंदूक के बल पर धमकाया, गोलियां चलाईं और कुछ लोगों के साथ मारपीट भी की. उन्होंने कहा, ‘‘एक संदिग्ध ने बैंक प्रबंधक पर पिस्तौल तानकर सोने के लॉकर की चाबी मांगी, उसे थप्पड़ मारा और तुरंत चाबी न देने पर गोली मारने की धमकी दी.’’
लोगों को फर्श पर बैठने के लिए मजबूर किया
पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इसके बाद आरोपियों ने लोगों को फर्श पर बैठने के लिए मजबूर किया और कीमती सामान लेकर फरार हो गए. खत्री ने बताया कि लुटेरों ने स्ट्रॉन्ग रूम से छह लाख रुपये, कैश काउंटर से 14.2 लाख रुपये और करीब 5.5 करोड़ रुपये का सोना लूटा, जो ग्राहकों द्वारा ऋण के बदले गिरवी रखा गया था.
पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज से पता चला है कि आरोपी दो मोटरसाइकिलों से उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के बीजपुर की ओर भागे और बाद में छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में प्रवेश कर गए. फिलहाल इस मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई जारी है.