Fatehpur dispute between two brothers: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में जमीन और फसल के बंटवारे को लेकर दो सगे भाइयों के बीच छह महीने से चली आ रही नाराजगी का ऐसा अंत हुआ, जिसने थाने में मौजूद लोगों को भी भावुक कर दिया. कभी गरीबी के दिनों में एक-दूसरे का सहारा बने दोनों भाई संपत्ति के विवाद में इतने दूर हो गए थे कि बातचीत तक बंद हो गई थी. मामला पुलिस तक पहुंचा तो थरियांव थाना प्रभारी ने दोनों के बीच सुलह कराने की पहल की. पुलिस की समझाइश के बाद दोनों भाई आमने-सामने आए और एक-दूसरे को गले लगाकर फूट-फूटकर रोने लगे. यह देखकर उनकी पत्नियां भी अपने आंसू नहीं रोक सकीं.
गरीबी में साथ किया संघर्ष, बेंगलुरु जाकर खड़ा किया कारोबार
यह मामला फतेहपुर जिले के थरियांव थाना क्षेत्र के एकारी गांव का है. यहां के रहने वाले राकेश चंद्र श्रीवास्तव और उनके छोटे भाई रमेश चंद्र श्रीवास्तव का बचपन आर्थिक तंगी में गुजरा. परिवार की जिम्मेदारी उठाने के लिए दोनों भाइयों ने मजदूरी की. करीब 15 साल पहले बेहतर भविष्य की तलाश में वे बेंगलुरु चले गए. वहां मेहनत और संघर्ष के दम पर कारोबार खड़ा किया और धीरे-धीरे करोड़ों की संपत्ति अर्जित कर ली. दोनों भाइयों ने मुश्किल वक्त में एक-दूसरे का साथ दिया था, लेकिन आर्थिक स्थिति बेहतर होने के बाद जमीन और फसल के बंटवारे को लेकर उनके बीच विवाद शुरू हो गया. धीरे-धीरे यह मनमुटाव इतना बढ़ा कि दोनों ने एक-दूसरे से बातचीत करना बंद कर दिया. करीब छह महीने तक दोनों परिवारों के बीच दूरी बनी रही.
जमीन और फसल के बंटवारे पर बढ़ा विवाद, पुलिस तक पहुंचा मामला
शुरुआत में जमीन और फसल के हिस्से को लेकर हुई कहासुनी ने धीरे-धीरे गंभीर विवाद का रूप ले लिया. दोनों भाइयों के बीच कई बार तनाव की स्थिति बनी और मामला पुलिस अधिकारियों तक पहुंच गया. विवाद लगातार बढ़ने की जानकारी पुलिस अधीक्षक तक पहुंची तो इसे बातचीत के जरिए सुलझाने की कोशिश की गई. इसके बाद गुरुवार को थरियांव थाना प्रभारी शमशेर बहादुर ने दोनों भाइयों को थाने बुलाया. यहां पुलिस ने दोनों पक्षों की बात सुनी और उन्हें आमने-सामने बैठाकर बातचीत कराई.
पुलिस ने याद दिलाए बचपन के दिन, पिघल गई नाराजगी
काउंसलिंग के दौरान पुलिस ने दोनों भाइयों को उनके बचपन और संघर्ष के दिनों की याद दिलाई. उन्हें समझाया गया कि जिस भाई के साथ उन्होंने गरीबी में मेहनत की, परिवार को संभालने के लिए मजदूरी की और बेहतर जिंदगी के लिए दूसरे शहर में संघर्ष किया, उसी से जमीन और फसल के विवाद में रिश्ता तोड़ना ठीक नहीं है. पुराने दिनों की यादें ताजा हुईं तो दोनों भाइयों की नाराजगी जैसे पिघल गई. छह महीने से एक-दूसरे से बातचीत नहीं करने वाले दोनों भाई अचानक गले मिले और फूट-फूटकर रोने लगे. थाने में मौजूद पुलिसकर्मी भी यह दृश्य देखकर भावुक हो गए. दोनों की पत्नियां भी एक-दूसरे से लिपटकर रो पड़ीं.
आपसी सहमति से खत्म किया विवाद, फिर साथ रहने का फैसला
थाना प्रभारी शमशेर बहादुर के मुताबिक, दोनों भाइयों को परिवार और खून के रिश्तों का महत्व समझाया गया. पुलिस की पहल के बाद दोनों ने आपसी सहमति से अपने पुराने गिले-शिकवे दूर कर लिए और फिर से मिल-जुलकर रहने पर राजी हो गए. इस तरह जमीन और फसल के बंटवारे को लेकर छह महीने से चली आ रही तल्खी खत्म हुई. जिस विवाद ने कभी एक ही परिवार के दो भाइयों को एक-दूसरे से दूर कर दिया था, उसका अंत थाने में गले मिलकर रोने के साथ हुआ. दोनों परिवारों के बीच फिर से मेल-मिलाप होने से घर में भी खुशियां लौट आईं.