Watch Video: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने रिश्तों को झकझोर कर रख दिया है. जिस पिता की गोद में नौ महीने का मासूम खेलता था, उसी पर अपने बेटे की गला घोंटकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगा है. हैरानी की बात यह है कि बच्चे की मौत के बाद उसके शव को दफना भी दिया गया. अब मां की शिकायत पर पुलिस ने कब्र से मासूम का शव निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. पुलिस ने आरोपी पिता अभिषेक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
दिवाली की रात हुआ था विवाद
मामला गाजियाबाद के वेव सिटी थाना क्षेत्र के बयाना गांव का है. बच्चे की मां प्रियंका के मुताबिक, दिवाली की रात पति अभिषेक के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. आरोप है कि गुस्से में अभिषेक ने अपने ही नौ महीने के बेटे को मारने की धमकी दी थी. प्रियंका का कहना है कि पति बेरोजगार था और वह मेहनत-मजदूरी करके परिवार का खर्च चलाती थी. दोनों की शादी वर्ष 2022 में हुई थी.
#Ghaziabad दीवाली के दिन पति अभिषेक और पत्नी प्रियंका के बीच में विवाद हो गया, जिसमें पति अभिषेक ने पत्नी से बच्चे को मारने की ढकी दे डाली, अभिशेक इन दिनों बेरोजगार था जबकि प्रियंका काम पर बाहर जाती थी, 9 नबर को कम से लौटी तो पता चला की उसका बेटा मर चुका है आरोप पति पर है, आरोपी पुलिस हिरासत में है माँ की मांग पर शव को कब्र से बाहर निकाला जा रहा है ताकि पोस्टमार्टम कराया जा सके । मासूम बच्चे के हत्या के आरोपी की फोटो अपने बेटे के साथ है तो वही माँ के रोते बिलखते हुए बयान भी साथ है! @Uppolice
— Lokesh Rai (@lokeshRlive) November 10, 2026
काम से लौटी मां तो घर में पसरा था सन्नाटा
प्रियंका ने पुलिस को बताया कि 9 नवंबर की सुबह वह काम पर गई थी. घर पर पति अभिषेक, मासूम बेटा और ननद मौजूद थे. सुबह करीब 11 बजे जब वह वापस लौटी और बेटे के बारे में पूछा तो अभिषेक ने बताया कि बच्चा कमरे में सो रहा है. जब प्रियंका कमरे में पहुंची तो बेटे के शरीर में कोई हलचल नहीं थी. आरोप है कि बच्चे के गले पर खरोंच और निशान भी दिखाई दे रहे थे.
मौत को सामान्य बताकर दफनाने का आरोप
प्रियंका का आरोप है कि अभिषेक ने बच्चे की मौत को सामान्य बताने की कोशिश की और शव को दफनाने का दबाव बनाया. बाद में बच्चे को गांव के पास दफना दिया गया. प्रियंका ने अपने मायके पक्ष के लोगों को जानकारी दी और फिर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. महिला ने बच्चे के गले पर निशान होने से जुड़े फोटो और वीडियो भी पुलिस को सौंपे हैं.
कब्र से निकाला गया मासूम का शव
मामले की गंभीरता को देखते हुए वेव सिटी पुलिस ने अभिषेक को हिरासत में ले लिया. 10 नवंबर को नामित मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में कब्र खोदकर बच्चे का शव बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही बच्चे की मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी.