Meerut Boy Shoots Girl: उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया है. बुधवार शाम को एक युवक ने एक युवती को गोली मार दी और फिर मौके पर ही खुद को भी गोली मार ली.
दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी. इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई, जबकि युवती जिंदगी और मौत से जूझ रही है. पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
क्या है पूरी कहानी?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना बुधवार शाम करीब 4:30 बजे कंकरखेड़ा थाना इलाके की डिफेंस एन्क्लेव कॉलोनी में जोनल पार्क के बाहर हुई. युवक पल्सर बाइक पर और युवती स्कूटर पर आई थी. पार्क के बाहर दोनों के बीच कुछ देर बातचीत हुई, लेकिन अचानक बहस हो गई. बहस बढ़ने पर युवक ने पिस्टल निकाली और युवती पर तीन गोलियां चलाईं. दो गोलियां उसके पेट में और एक सिर में लगीं. गोली लगने के बाद वह जमीन पर गिर गई. जब आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे, तो युवक ने खुद को सीने में गोली मार ली.
अस्पताल पहुंचते ही युवक की मौत हो गई
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची. दोनों को पहले कैलाश अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें सुभारती मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया. डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि युवती की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज चल रहा है.
युवक पर पहले भी क्रिमिनल केस दर्ज
पुलिस के मुताबिक, घायल युवती की पहचान कंकरखेड़ा के गोविंदपुरी की रहने वाली अनुष्का के रूप में हुई है. मृतक युवक आदित्य निवाली शिवलोकपुरा कॉलोनी का रहने वाला था. उसने ITI इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से पढ़ाई की थी. जांच में पता चला कि वह कंकरखेड़ा थाने का हिस्ट्रीशीटर था. उसे कुछ समय पहले अवैध हथियार रखने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था. वह करीब 10 दिन पहले ही जमानत पर रिहा हुआ था.