Kanpur News: उत्तर प्रदेश के कानपुर से जमीन विवाद में ताबड़तोड़ गोलीबारी का मामला सामने आया है. यहां अपनी ही जमीन पर कब्जे का विरोध करना एक परिवार को भारी पड़ गया. आरोप है कि दबंगों ने पिता-पुत्र समेत चार लोगों पर गोलियां बरसा दीं. इस हमले में चारों गंभीर रूप से घायल हो गए. वारदात के दौरान करीब 15 से 20 राउंड फायरिंग की गई, जिससे पूरे गांव में दहशत फैल गई. सभी घायलों को पहले अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया.
दो साल पहले खरीदी थी तीन बीघा जमीन
मामला कानपुर के बिधनू थाना क्षेत्र के दहेली उजागर गांव का है. उरियारा के मजरे रमजी पुरवा निवासी महेश राजपूत के मुताबिक, उन्होंने करीब दो साल पहले अपने पिता रोशनलाल के नाम पर गांव में तीन बीघा जमीन खरीदी थी. आरोप है कि 13 अक्टूबर को गांव के ही मुन्ना सिंह राठौर के परिवार ने उनके खेत के बगल में जमीन की रजिस्ट्री कराई. इसके बाद से ही वे महेश की जमीन पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे थे. महेश का कहना है कि उन्होंने इस मामले की शिकायत चौकी से लेकर थाने तक कई बार की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई.
#kanpur @kanpurnagarpol @dcpskanpur बिधनू थानाक्षेत्र के दहेली उजागर गांव में जमीन के विवाद में दो पक्षों के बीच मारपीट और फायरिंग। लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग, वीडियो वायरल, कई घायल, पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया, मामले की जांच जारी। https://t.co/NOqZz6DjtL
— Gaurav Srivastav (@GauravS32967182) November 4, 2026
खेत पर पहुंचे तो शुरू हो गई मारपीट
सोमवार को महेश अपने बेटे साहिल, भाई अखिलेश और भतीजे शीबू के साथ खेत पहुंचे. वहां उन्होंने देखा कि खेत की मेड़ पर पिलर गाड़कर उनकी जमीन पर कब्जा किया जा रहा है. जब उन्होंने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया. आरोप है कि इसी दौरान मुन्ना सिंह राठौर और उनके भतीजे सागरपाल सिंह राठौर करीब 10 लोगों के साथ मौके पर पहुंच गए. पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और मारपीट हुई. इसके बाद आरोपियों ने दोनाली बंदूक और तमंचों से फायरिंग शुरू कर दी.
15-20 राउंड गोलियों से चार लोग घायल
आरोपियों ने ताबड़तोड़ करीब 15 से 20 राउंड गोलियां चलाईं. इसमें महेश के हाथ, सिर और पैर में गोली लगी. वहीं, अखिलेश और शीबू के पैर में तथा साहिल की कमर के निचले हिस्से में गोली लगी. चारों खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस से घायलों को बिधनू सीएचसी पहुंचाया. यहां से डॉक्टरों ने सभी को हैलट अस्पताल रेफर कर दिया. थाना प्रभारी तेजबहादुर सिंह के मुताबिक, पीड़ित पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें प्रयास कर रही हैं.