UP Crime News: लखीमपुर खीरी में मायके जाने की जिद को लेकर एक परिवार में कांड हो गया. घरेलू विवाद के चलते पति ने पत्नी की नाक काट दी, जिसे देखकर पत्नी की माँ काफी आहत हुईं.
बेटी के अपमान का बदला लेने के लिए सास ने अपने दामाद को मुंहतोड़ जवाब देने की ठानी और उसकी बहन की नाक काट दी. बात इतनी ज्यादा बढ़ गई कि मामला पुलिस तक पहुंच गया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
क्या है पूरा मामला
लखीमपुर में एक परिवार में मायके जाने की जिद को लेकर लड़ाई शुरू हुई, जो एक बड़े विवाद में बदल गयी. ढखेरवा गांव निवासी श्रवण कुमार कश्यप पर आरोप है कि उसने अपनी पत्नी प्रीति कश्यप के साथ मारपीट की और दांतों से उसकी नाक काटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया. इसके बाद पत्नी ने दुखी होकर अपने मायके में इसकी जानकारी दी.
सूचना मिलते ही प्रीति के परिजन यानी पिता बनवारी और मां श्रीदेवी भी अन्य परिजनों के साथ ससुराल पहुंच गए. वहां पहुंचने के बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई. इसी बीच प्रीति की मां ने भी अपने दामाद की बहन मोनी कश्यप की भी दांतों से नाक काट दी और अपनी बेटी का बदला ले लिया. घायल प्रीति ने पुलिस को बताया कि उसकी चचेरी बहन की रविवार को शादी है जिसमें शामिल होने के लिए मायके जाना चाहती थी. इसी बात को लेकर पति से विवाद हो गया था.
पुलिस कर रही जांच
मामले के बढ़ने के बाद दोनों पक्ष पुलिस के पास गए और शिकायत दर्ज कराई. थानाध्यक्ष मोहित पुंडीर का कहना है कि दोनों पक्षों से शिकायत मिली है. पुलिस मामले की जांच की जा रही है. अब जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी.