Lucknow Triple Murder: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सआदतगंज इलाके में हुए ट्रिपल मर्डर की घटना ने पूरे शहर को हिलाकर रख दिया है. अब इस सनसनीखेज वारदात का खौफनाक CCTV वीडियो सामने आया है. वायरल वीडियो में आरोपी ऋषभ शुक्ला खुलेआम ताबड़तोड़ गोलियां चलाता दिखाई दे रहा है. इस दौरान लोगों की चीख-पुकार और ‘पापा-पापा’ की आवाज भी सुनाई देती है. मामूली विवाद में तीन लोगों की हत्या की इस घटना के वीडियो ने लोगों को हैरान कर दिया है.
‘पापा-पापा’ की आवाज के बीच चलीं ताबड़तोड़ गोलियां
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति आरोपी को जमीन पर गिराकर पकड़ने की कोशिश करता है. इसी दौरान ऋषभ उठता है और फायरिंग कर देता है. गोली चलने के बाद उसे पकड़ने की कोशिश कर रहा व्यक्ति नीचे गिर जाता है. इसके बाद आरोपी दूसरे व्यक्ति पर भी गोली चलाता दिखाई देता है. वीडियो में लगातार दो से तीन गोलियां चलने की आवाज सुनाई देती है. इसी दौरान एक बच्चे की ‘पापा-पापा’ चिल्लाने की आवाज भी सुनाई देती है. वीडियो में आरोपी खुद को बचाव की स्थिति में बताते हुए कहता सुनाई देता है कि लोगों ने उसे मुक्के मारे थे और उसने आत्मरक्षा में गोलियां चलाईं. हालांकि, यह आरोपी का अपना दावा है. घटना की वास्तविक परिस्थितियों की पुष्टि जांच के आधार पर ही होगी.
सआदतगंज ट्रिपल मर्डर का लाइव विडियो हुआ वायरल…लोग मदद के लिए आगे बढ़ते,बचाने का प्रयास करते तो शायद इतनी बड़ी घटना न होती… @NBTLucknow https://t.co/UttFNFv0YL
— Rishi sengar (@rishisengarNBT) October 29, 2026
चबूतरे के विवाद में पिता, बेटे और भाई की हत्या
यह घटना सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे लखनऊ के सआदतगंज थाना क्षेत्र के ब्राह्मण टोला, नौबस्ता इलाके में हुई थी. यहां चबूतरा बनवाने को लेकर दो पड़ोसी परिवारों के बीच विवाद चल रहा था. इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और गोलीबारी में तीन लोगों की जान चली गई. मृतकों की पहचान 62 वर्षीय शिवाजी तिवारी, उनके भाई शिवेंद्र तिवारी और सुयश तिवारी के रूप में हुई है. शिवाजी तिवारी सचिवालय से रिटायर्ड कर्मचारी थे.
बरगद के पेड़ के पास कार खड़ी करने पर बढ़ा विवाद
बताया जा रहा है कि शिवाजी तिवारी और उनके पड़ोसी ऋषभ शुक्ला के बीच घर के बाहर बरगद के पेड़ के पास चबूतरा बनवाने को लेकर पहले से विवाद था. सोमवार को सुयश ने पेड़ के नीचे अपनी कार खड़ी कर दी. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई और मामला फायरिंग तक पहुंच गया.
ये भी पढ़ें: झारखंड की ओपन जेल में अनोखी शादी, पूर्व माओवादी कमांडरों के लिए पुलिस-प्रशासन बना बाराती
आरोपी की गिरफ्तारी का वीडियो भी वायरल
वारदात के बाद पुलिस ने आरोपी ऋषभ शुक्ला को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया था. अब उसका एक दूसरा वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पुलिसकर्मी उसे पकड़ते दिखाई दे रहे हैं. पीड़ित परिवार की ओर से दर्ज FIR में आरोपी के साथ उसके पिता, भाई और बहन को भी नामजद किया गया है. इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. मामूली विवाद में तीन लोगों की जान जाने से एक बार फिर पड़ोसियों के बीच बढ़ते विवाद और हिंसा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं.
ये भी पढ़ें: बंद फ्लैट, तेज दुर्गंध और… विरार में एक ही परिवार के तीन भाई-बहनों की मौत से मचा हड़कंप