Uttar Pradesh News: प्रयागराज में एक महिला दरोगा ने अपने ससुर पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है. इसके अलावा उसने पति पर हत्या का प्रयास करने का भी आरोप लगाया है. सबसे दिलचस्प बात ये है कि पुलिस विभाग में होने के बावजूद महिला की शिकायत नहीं सुनी गई.
बता दें कि पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जाने पर महिला दरोगा बृहस्पतिवार को अपने मायके वालों और किसान यूनियन के साथ थाने पहुंच गयी. दो घंटे तक हंगामा किया जिसके बाद पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है. वहीं दूसरी ओर ससुर ने भी अपनी बहू पर केस दर्ज कराया है.
ससुराल में किया गया अपमान
महिला दरोगा के अनुसार, वर्तमान में वह प्रयागराज के एक थाने में तैनात हैं. पिछले साल 2025 में उनकी शादी पारा निवासी एक युवक से हुई थी. उन्होंने बताया कि शादी के कुछ समय बाद से ही उनके ससुर, पति, सास और ननद उन पर जातिसूचक टिप्पणियां और अभद्र व्यवहार करने लगे. इसके अलावा उन पर नौकरी छोड़ने का भी दबाव बनाया गया. पीड़िता दरोगा ने बताया कि ससुर ने उनके साथ दुष्कर्म किया और इसके बाद उन्हें चूहे मारने की दवा खिलाने की कोशिश की. पीड़िता ने ससुराल वालों पर आरोप लगाते हुए कहा कि पिता जब ससुराल पहुंचे तो आरोपियों ने असलहा दिखाकर उन्हें भी धमकी दी.
पति भी बनाता था जबरन संबंध
महिला दरोगा के अनुसार जब उसने ससुर द्वारा अवैध संबंध बनाने की बात को अपने पति से बताया, तो उसने पिता के खिलाफ आवाज उठाने की बजाय अपनी पत्नी को ही चुप करा दिया. इसके अलावा पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि उसका पति भी उसकी बिना इच्छा के उसके साथ संबंध बनाता था. जब उसने इस बात का विरोध किया, तो पति ने उसे चूहे मारने की दवा खिलाकर कमरे में बंद कर दिया. बता दें कि थाने के बाहर प्रदर्शन के दौरान भी महिला दरोगा बेहोश हो गयी थी.