Saurabh Murder Case Meerut: उत्तर प्रदेश के मेरठ में सौरभ हत्याकांड मामले की मंगलवार को जिला एवं सत्र अदालत में सुनवाई हुई. आरोपी मुस्कान और उसके कथित प्रेमी साहिल को कड़ी सुरक्षा के बीच कोर्ट में पेश किया गया. अदालत में मुस्कान और साहिल से अलग-अलग सवाल-जवाब किए गए और सुनवाई पूरी होने के बाद दोनों को फिर से जेल भेज दिया गया. मामले की अगली सुनवाई 28 अप्रैल को की जाएगी.
अधिकारियों ने बताया कि दोनों आरोपियों को चौधरी चरण सिंह जिला कारागार से पुलिस सुरक्षा में अदालत लाया गया. अदालत में करीब 46 मिनट की मौजूदगी के दौरान पहले साहिल से लगभग 20 मिनट तक पूछताछ की गई, जबकि बाद में मुस्कान से करीब 16 मिनट तक प्रश्न किए गए.
मुस्कान को उसकी छह महीने की बच्ची के साथ किया गया पेश
पुलिस सूत्रों के अनुसार साहिल को पहले अदालत लाया गया, जबकि कुछ देर बाद मुस्कान को उसकी छह महीने की बच्ची के साथ पेश किया गया. उन्होंने बताया कि अदालत परिसर में किसी को भी आरोपियों के निकट जाने की अनुमति नहीं दी गई.
अभियोजन पक्ष के अनुसार, मामले में अब तक 22 गवाहों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं. जिला शासकीय अधिवक्ता कृष्ण कुमार चौबे ने बताया कि मामले की सुनवाई जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनुपम कुमार की अदालत में चल रही है और आरोपियों से सवाल-जवाब की प्रक्रिया जारी है.
मेरठ : पति को मारकर नीले ड्रम में पैक करने वाली मुस्कान और बॉयफ्रेंड साहिल आज कोर्ट में पेश हुए। यह केस ट्रायल के आखिरी फेज में चल रहा है। जल्द ही कोर्ट का फैसला आ सकता है। pic.twitter.com/5nJWJxHzyp
— Sachin Gupta (@Sachingupta) April 21, 2026
सौरभ की मां रेनू देवी ने की कड़ी सजा की मांग
दूसरी तरफ मृतक सौरभ की मां रेनू देवी ने आरोपियों के लिए कड़ी सजा की मांग की और कहा कि घटना के बाद से उनका परिवार गहरे सदमे में है. मृतक के भाई ने भी आरोपियों को दोषी बताते हुए अदालत से कठोर दंड की बात कही.
शव को टुकड़ों में काटकर नीले ड्रम में सीमेंट से कर दिया था सील
बता दें कि तीन मार्च 2025 की रात सौरभ की हत्या कर दी गई थी. आरोप है कि मुस्कान ने सौरभ को मादक पदार्थ देकर बेहोश किया और फिर प्रेमी साहिल की मदद से चाकू से प्रहार करके उसकी हत्या करने के बाद शव को टुकड़ों में काटकर एक नीले ड्रम में सीमेंट से सील कर दिया था.
आरोप है कि वारदात को अंजाम देने के बाद मुस्कान और साहिल हिमाचल प्रदेश घूमने चले गए थे जिन्हें पुलिस ने 18-19 मार्च 2025 को गिरफ्तार किया था.