Watch Video: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है. यहां एक महिला ने थाने के इंस्पेक्टर और हेड कांस्टेबल पर छेड़छाड़ और यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है. महिला का दावा है कि अपने पुराने मामले में कार्रवाई की उम्मीद लेकर वह पुलिस स्टेशन पहुंची थी लेकिन उसे रात 10 बजे दोबारा थाने बुलाया गया. आरोप है कि वहां उसके साथ गलत हरकत की गई और बाद में मुंह बंद रखने के लिए 500 रुपये देने की पेशकश भी की गई. महिला ने पैसे लेने से इनकार कर दिया और सीधे पुलिस अधीक्षक के दरवाजे पर न्याय की गुहार लगा दी.
मदद का भरोसे रात में बुलाया
मामला लखीमपुर खीरी के उचौलिया थाने का है। यहां रहने वाली 38 वर्षीय महिला का पहले से एक मामला दर्ज है. वह लगातार पुलिस से आरोपी की गिरफ्तारी की मांग कर रही थी. महिला के मुताबिक, 18 नवंबर को सुबह करीब 11 बजे वह थाने पहुंची और इंस्पेक्टर अवध राज सिंह सेंगर से मुलाकात की. आरोप है कि इंस्पेक्टर और हेड कांस्टेबल उमेश कुमार ने उसे रात 10 बजे फिर से थाने आने को कहा. उसे भरोसा दिया गया कि उसके मामले में आरोपी को पकड़ने में मदद की जाएगी.
पुलिसवालों ने रात को कमरे पर बुलाया पहले शारीरिक संबंध बनाए फिर पैसे ऑफर किए । यूपी के जिला लखीमपुर खीरी में इंस्पेक्टर अवध राज सिंह और दीवान उमेश कुमार पर फरियादी महिला ने गंभीर आरोप लगाए है। आरोप है कि – देवर द्वारा शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने की शिकायत लेकर महिला थाने गई थी..। सुनिए पीड़िता की जुबानी 👇👇
— Rahul Saini (@JtrahulSaini) November 20, 2026
इंस्पेक्टर पर गलत हरकत का आरोप
महिला की शिकायत के मुताबिक, रात में जब वह थाने पहुंची तो उसे इंस्पेक्टर के कमरे में बुलाया गया. वहां दोनों पुलिसकर्मियों ने कथित तौर पर उसके साथ छेड़छाड़ और मारपीट की. महिला का आरोप है कि घटना के बाद उसे चुप रहने के लिए 500 रुपये देने की कोशिश की गई. हालांकि उसने पैसे लेने से साफ इनकार कर दिया.
SP कार्यालय पहुंचकर मांगा इंसाफ
महिला ने 19 नवंबर को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत दी. उसने दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ FIR दर्ज करने और सख्त कार्रवाई की मांग की. सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो बयानों में भी महिला ने अपनी आपबीती बताई. पहचान छिपाने के लिए उसने चेहरे पर काला नकाब पहन रखा था.
आरोपों को इंस्पेक्टर ने बताया साजिश
मामले की गंभीरता को देखते हुए SP ने जांच के आदेश दिए हैं. जांच की जिम्मेदारी मोहम्मदी के क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह को सौंपी गई है. CO के मुताबिक, जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक तथ्य सामने आएंगे. वहीं इंस्पेक्टर अवध राज सिंह सेंगर ने महिला के आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए इसे अपने खिलाफ साजिश करार दिया है.
ये भी पढ़ें: Caught On CCTV: हनीमून मनाने दार्जिलिंग गया था कपल, बारबेक्यू की आग ने उजाड़ दी खुशियां; नई नवेली दुल्हन की हुई मौत