KBC 18: बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन इन दिनों अपने पॉपुलर क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ को होस्ट कर रहे हैं. शो में वह कंटेस्टेंट्स से मुश्किल सवाल पूछने के साथ-साथ उनकी निजी जिंदगी और संघर्ष की कहानियां भी सुनते हैं. कई बार बिग बी कंटेस्टेंट्स के साथ मजेदार बातचीत करते हुए भी नजर आते हैं. हाल ही के एक एपिसोड में अमिताभ बच्चन ने एक कंटेस्टेंट के साथ ऐसा ही मजाक किया, जिसने बताया कि IIT ने उसे करियर के साथ-साथ उसकी पत्नी भी दी.
अमिताभ बच्चन ने कंटेस्टेंट से किया मजेदार सवाल
शो के दौरान अमिताभ बच्चन ने कंटेस्टेंट कृतज्ञ नय्यर से IIT की तैयारी को लेकर सवाल किया. उन्होंने पूछा, “बहुत ही खतरनाक इम्तिहान होता है IIT, कैसे आपने पास कर लिया?”इस पर कृतज्ञ ने बताया कि उनके आसपास कई लोग IIT की तैयारी कर रहे थे. उनकी बहन भी IIT BHU में पढ़ती थीं. उन्होंने बताया कि वह एक बार अपनी बहन के कॉलेज को देखने गए थे. उस वक्त वह 8वीं कक्षा में थे. उन्हें कॉलेज काफी पसंद आया और वहीं से उनके मन में IIT में पढ़ने की इच्छा पैदा हुई.इसके बाद उन्होंने 9वीं से 12वीं तक कोचिंग की और IIT में दाखिला ले लिया. कृतज्ञ ने बताया कि उनके पिता और बहनें इंजीनियर हैं, इसलिए वह भी इंजीनियरिंग करना चाहते थे. हालांकि, IIT में जाने के बाद आगे क्या करना है, इसका फैसला उन्होंने बाद में करने का सोचा था.
IIT ने दी पत्नी
कृतज्ञ ने बताया कि IIT ने उनके व्यक्तित्व विकास में भी काफी मदद की. इसके अलावा उन्हें IIT से अच्छी नौकरी और करियर मिला. इसी दौरान उनकी मुलाकात अपनी पत्नी से भी हुई. उन्होंने बताया कि वह और उनकी पत्नी IIT रुड़की में एक ही बैच में पढ़ते थे.यह सुनकर अमिताभ बच्चन हैरान रह गए और मजाकिया अंदाज में बोले, “तो इसीलिए आप IIT गए थे.” बिग बी की यह बात सुनकर माहौल काफी मजेदार हो गया.
कंटेस्टेंट्स की कहानियां बिग बी को करती हैं भावुक
हाल ही में अमिताभ बच्चन ने अपने पर्सनल Tumblr अकाउंट पर KBC के होस्ट के तौर पर अपने अनुभव के बारे में भी लिखा. उन्होंने बताया कि कुछ कंटेस्टेंट्स ऐसी गंभीर निजी कहानियां लेकर आते हैं कि उनके लिए भावनाओं को संभालते हुए शो को होस्ट करना मुश्किल हो जाता है. अमिताभ ने इसे बेहद भावुक और दिल तोड़ने वाला अनुभव बताया.
कब शुरू हुआ KBC 18?
‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ का प्रीमियर 10 अगस्त को रात 9 बजे Sony Entertainment Television और SonyLIV पर हुआ. शो के नए सीजन में सोमवार से शुक्रवार तक एपिसोड प्रसारित किए जा रहे हैं.