शेयर बाजार में 17 नवंबर को Greaves Cotton के शेयरों में जोरदार तेजी देखने को मिली. कंपनी के इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर ब्रांड Ampere की बिक्री में आई शानदार बढ़ोतरी ने निवेशकों का ध्यान खींचा. कारोबार के दौरान शेयर करीब 9 फीसदी उछलकर 249.27 रुपये के इंट्राडे हाई पर पहुंच गया. हालांकि, बाद में इसमें कुछ मुनाफावसूली देखने को मिली. दोपहर 12:44 बजे NSE पर शेयर 3.24 फीसदी की तेजी के साथ 235.50 रुपये पर कारोबार कर रहा था. इस दौरान कंपनी के करीब 100.08 लाख शेयरों में ट्रेडिंग हुई.
इस तेजी के पीछे सबसे बड़ी वजह Ampere के इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर रजिस्ट्रेशन में आई 93 फीसदी की सालाना बढ़ोतरी है. Greaves Cotton ने 16 नवंबर को एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि Ampere ने 1 अप्रैल से 15 नवंबर 2026 के बीच कुल 70,333 इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर रजिस्टर किए हैं. खास बात यह है कि कंपनी ने महज साढ़े सात महीने में पूरे वित्त वर्ष 2025-26 के 61,842 रजिस्ट्रेशन का आंकड़ा भी पार कर लिया है.
EV मार्केट में पांचवें नंबर पर पहुंचा Ampere
पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि यानी 1 अप्रैल से 15 नवंबर के बीच Ampere के 36,452 इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर रजिस्टर हुए थे. इस बार यह आंकड़ा बढ़कर 70,333 हो गया है. यानी कंपनी ने करीब दोगुनी ग्रोथ दर्ज की है.
इसके साथ ही भारतीय इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बाजार में Ampere 5.7 फीसदी मार्केट शेयर के साथ पांचवें स्थान पर पहुंच गया है. कंपनी अपने रिटेल नेटवर्क और प्रोडक्ट पोर्टफोलियो का भी विस्तार कर रही है. अक्टूबर में Ampere ने देशभर में 50 से ज्यादा नए एक्सपीरियंस सेंटर खोलने का ऐलान किया था. इसके अलावा Nexus EX+ इलेक्ट्रिक स्कूटर भी लॉन्च किया गया.
EV बिजनेस का रेवेन्यू दोगुने से ज्यादा
Greaves Cotton के वित्तीय नतीजे भी इलेक्ट्रिक मोबिलिटी कारोबार में सुधार के संकेत दे रहे हैं. वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड रेवेन्यू सालाना आधार पर 44 फीसदी बढ़कर 1,175.91 करोड़ रुपये हो गया. EBITDA में भी 43 फीसदी की बढ़ोतरी हुई और यह 73 करोड़ रुपये पर पहुंच गया.
कंपनी के इलेक्ट्रिक मोबिलिटी बिजनेस Greaves Electric Mobility (GEML) का रेवेन्यू 106 फीसदी बढ़कर 410 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले साल की समान तिमाही में करीब 199 करोड़ रुपये था. वहीं, इसका EBITDA घाटा 42 करोड़ रुपये से घटकर 24 करोड़ रुपये रह गया. यानी कारोबार बढ़ने के साथ कंपनी का ऑपरेशनल घाटा भी कम हो रहा है.
मुनाफे में कब आएगी कंपनी?
हालांकि, कंपनी के सामने अभी मुनाफे की चुनौती बनी हुई है. दूसरी तिमाही में Greaves Cotton को 29.81 करोड़ रुपये का कंसोलिडेटेड नेट लॉस हुआ, जबकि पिछले साल इसी अवधि में 6.32 करोड़ रुपये का मुनाफा था. करीब 60 करोड़ रुपये के अतिरिक्त डेप्रिसिएशन, अमॉर्टाइजेशन और अन्य खर्चों का भी नतीजों पर असर पड़ा.
निवेशकों के लिए फिलहाल सबसे अहम सवाल यह है कि क्या Ampere अपनी बिक्री और मार्केट शेयर की बढ़त बरकरार रख पाएगा और क्या GEML घाटे से निकलकर मुनाफे में आ सकेगा. फिलहाल शेयर में तेजी कंपनी के EV कारोबार की संभावनाओं को दिखाती है, लेकिन इसे पूरी तरह वित्तीय बदलाव मानना जल्दबाजी होगी.
यह भी पढ़ें: Green Gold में पैसा बनाने का बड़ा मौका? ग्वार गम की कीमतों में 108% का उछाल, जानिए तेजी के पीछे की कहानी