22
महान ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर शेन वॉर्न के बेटे जैक्सन वॉर्न ने अपने पिता की असमय मृत्यु को लेकर कोविड-19 वैक्सीन की भूमिका पर सवाल उठाए हैं. शेन वॉर्न का साल 2022 में 52 वर्ष की उम्र में थाईलैंड में छुट्टियां मनाते समय दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था. बाद में यह भी बताया गया था कि उन्हें पहले से ही दिल की समस्या थी. जैक्सन वॉर्न ने एक पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान कहा कि जब उन्हें अपने पिता के निधन की खबर मिली, तो उनकी पहली प्रतिक्रिया सरकार और कोविड-19 वैक्सीन को जिम्मेदार ठहराने की थी.
उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि इसका इसमें कुछ न कुछ योगदान हो सकता है. अब ऐसा कहना कोई विवादित बात नहीं रह गई है. जैसे ही मुझे यह खबर मिली, मैंने तुरंत सरकार, कोविड और वैक्सीन को जिम्मेदार ठहराया.” जैक्सन ने यह भी बताया कि उन्होंने अपने पिता के राजकीय स्मृति समारोह में यह बात कहने के बारे में सोचा था, लेकिन बाद में ऐसा नहीं किया. उन्होंने कहा, “राजकीय समारोह के दौरान मैं लगभग यह कहने वाला था कि इसके लिए सरकार और कोविड जिम्मेदार हैं, लेकिन मैंने ऐसा नहीं कहा. शायद यह फैसला सही था, क्योंकि इससे स्थिति काफी अलग हो सकती थी. लेकिन उस समय मेरी यही भावना थी.”
मुझे पता है कि क्या हुआ था
उन्होंने आगे कहा कि समय बीतने के बाद भी उनकी सोच में कोई बदलाव नहीं आया है, हालांकि उन्होंने यह भी माना कि पूरी सच्चाई शायद कभी सामने न आए. “अंत में हम कभी पूरी तरह नहीं जान पाएंगे कि क्या हुआ. पोस्टमार्टम रिपोर्ट सार्वजनिक है और मुझे अपने हिसाब से पता है कि क्या हुआ था.”
पापा शराब और धूम्रपान लेते थे
जैक्सन वॉर्न ने यह भी कहा कि उनके पिता उस समय पूरी तरह स्वस्थ और खुश थे, और उन्होंने धूम्रपान तथा शराब जैसी जीवनशैली को उनकी मौत का कारण मानने से इनकार किया. उन्होंने कहा, “पापा उस समय स्वस्थ थे, खुश थे और पहले से बेहतर दिख रहे थे. हां, वह धूम्रपान और शराब का सेवन करते थे, लेकिन ऐसे कई लोग हैं जो 80-90 साल की उम्र में भी इससे ज्यादा करते हैं.”