सनराइजर्स हैदराबाद ने IPL 2026 के 21वें मैच में जीत हासिल की. सोमवार को राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए एक मैच में, टीम ने राजस्थान रॉयल्स को 57 रनों से हरा दिया. इस नतीजे के साथ, RR की लगातार चार मैचों से चली आ रही जीत का सिलसिला टूट गया. हैदराबाद की ओर से प्रफुल्ल हिंगे ने पहले ही ओवर में तीन विकेट लिए. उन्होंने मैच का समापन 4 विकेटों के साथ किया और उन्हें ‘प्लेयर ऑफ़ द मैच’ चुना गया. इनका सबसे महत्वपूर्ण विकेट वैभव सूर्यवंशी का था, प्रफुल हिंगे ने वैभव सूर्यवंशी को ‘गोल्डन डक’ पर आउट करके सनसनी मचा दी. वैभव जिन्हें इस IPL सीज़न में बड़े-बड़े गेंदबाज़ भी रोक नहीं पाए थे, प्रफुल हिंगे ने अपने पहले ही IPL मैच में पूरी तरह से काबू में कर लिया.
खास बात यह है कि प्रफुल ने वैभव सूर्यवंशी को ‘गोल्डन डक’ पर आउट करने के लिए एक खास तरह के बाउंसर का इस्तेमाल किया. बाद में गेंदबाज़ ने खुद इस घटना के बारे में बताया. हैदराबाद फ्रेंचाइज़ी द्वारा शेयर किए गए एक वीडियो में, तेज गेंदबाज़ी कोच वरुण आरोन ने बताया कि प्रफुल ने पहले ही उन्हें भरोसा दिलाया था कि वह वैभव का विकेट ज़रूर लेंगे, एक ऐसा वादा जिसे प्रफुल ने आखिरकार पूरा कर दिखाया.
‘वैभव को ‘ओवर द विकेट’ गेंदबाज़ी करें’
प्रफुल ने वैभव का विकेट लेने के पीछे की रणनीति पर भी बात की और कहा, ‘शुरुआत में मैं वैभव को ‘राउंड द विकेट’ गेंदबाज़ी करने की सोच रहा था, लेकिन कोच वरुण आरोन ने मुझे इसके बजाय ‘ओवर द विकेट’ गेंदबाज़ी करने की सलाह दी. मेरा इरादा कम से कम एक और गेंद ‘ओवर द विकेट’ डालने का था, लेकिन काम पहली ही गेंद पर हो गया.’ प्रफुल ने आगे कहा, ‘देखिए, किसी भी तेज गेंदबाज के लिए विरोधी टीम का पहला विकेट लेना बहुत जरूरी होता है, इससे गेंदबाज़ का आत्मविश्वास काफ़ी बढ़ जाता है. मेरी सोच शुरू से ही बल्लेबाज़ों पर हमला करने की थी. उन्हें आसानी से बचने न देने की, बल्कि अपनी टीम को जीत दिलाने में मदद करने की.’
VARUN AARON INTERVIEWING PRAFUL HINGE & SAKIB HUSSAIN. ♥️🥹
– Proud Coach & their players!
— Tanuj (@ImTanujSingh) April 15, 2026
प्रफुल्ल ने अपने डेब्यू की ख्वाहिशें लिख रखी थीं
प्रफुल्ल हिंगे IPL के इतिहास में पहले ऐसे गेंदबाज़ बन गए हैं, जिन्होंने किसी पारी के शुरुआती ओवर में ही तीन विकेट लिए हों. ‘प्लेयर ऑफ़ द मैच’ चुने जाने के बाद उन्होंने पोस्ट मैच प्रजेंटेशन में कहा, ‘मैंने एक यादगार डेब्यू के बारे में सोचा था. पिछले साल किसी समय, मैंने कहीं लिख रखा था कि जब भी मैं अपना पहला मैच खेलूंगा, तो मैं निश्चित रूप से चार या पांच विकेट लूंगा. मैं पावरप्ले के दौरान जितना हो सके, उतना हावी रहना चाहता था. मैं ‘मैनिफेस्टेशन’ (सोची हुई चीज़ों के सच होने) में विश्वास रखता हूं. मुझे दूसरों के बारे में तो नहीं पता, लेकिन मैं निश्चित रूप से इसमें विश्वास करता हूं.’