Rajasthan Crime: राजस्थान के जयपुर में एक ऐसा हत्याकांड सामने आया है, जिसने रिश्तों को शर्मसार कर दिया है. जिस पत्नी के साथ मजदूर ने जिंदगी बिताई, उसी पर अपने कथित प्रेमी के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश रचने का आरोप है. हैरानी की बात यह है कि हत्या से पहले पति के नाम पर एलआईसी की पॉलिसी भी ली गई थी. आरोपियों की योजना हत्या को सड़क हादसा दिखाकर बीमा की रकम हासिल करने की थी. हालांकि पुलिस की जांच ने उनकी पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया. मामले में पत्नी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है.
सड़क किनारे मिला था मजदूर का शव
मामला राजस्थान के बरदोद गांव का है. यहां रहने वाले सतीश सैनी उर्फ लीलाराम मजदूरी और सेंट्रिंग का काम करते थे. 11 नवंबर को उनका शव अलवर-बहरोड़ हाईवे पर वीरमती होटल के पास पड़ा मिला था. शुरुआत में मामला सड़क दुर्घटना का लग रहा था लेकिन शव की हालत देखकर पुलिस को शक हुआ.
प्रेम संबंध बना हत्या की वजह!
पुलिस जांच में सामने आया कि सतीश की पत्नी रेखा सैनी का राजेश उर्फ राजू मिस्त्री के साथ कथित प्रेम संबंध था. पुलिस के मुताबिक, सतीश दोनों के रिश्ते में बाधा बन रहा था. इसी के चलते रेखा और राजेश ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई. इस साजिश में राजेश के साथी शमशेर को भी शामिल किया गया.
हथौड़े से वार कर की हत्या
पुलिस के अनुसार, सतीश को हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले स्थित खानपुरा कृषि फार्म पर बुलाया गया था. वहां राजेश और शमशेर पहले से मौजूद थे. आरोप है कि दोनों ने हथौड़े से सतीश के सिर और शरीर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई. इसके बाद शव को मोटरसाइकिल पर रखकर बरदोद लाया गया और हाईवे किनारे फेंक दिया गया, ताकि मामला हादसा लगे.
60 CCTV कैमरों ने खोल दिया राज
जांच के दौरान पुलिस को सतीश के सिर पर चोट के निशान और शव पर फसल के डंठल मिले. इसके बाद करीब 60 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई. फुटेज में दो संदिग्ध मोटरसाइकिल पर शव ले जाते दिखाई दिए. इसी सुराग से पुलिस आरोपियों तक पहुंच गई. पुलिस को जांच में पता चला कि सतीश के नाम पर एलआईसी पॉलिसी ली गई थी. आशंका है कि आरोपियों ने बीमा की रकम हासिल करने के लिए हत्या को हादसे का रूप देने की कोशिश की. पुलिस इस पहलू की जांच कर रही है. पुलिस ने आरोपी रेखा, राजेश और शमशेर को गिरफ्तार कर लिया गया है.
ये भी पढ़ें: Watch Video: ये स्वैग है या बेशर्मी? बीयर पीकर कार के ऊपर तमाशा बीच रोड़ किया तमाशा; वायरल वीडियो ने मचाया बवाल