PSL 2026 Viral Video: पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) में अक्सर अजीबोगरीब घटनाएं देखने को मिलती हैं. एक बार फिर PSL से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसे देख आपकी हंसी नहीं रुकेगी. दरअसल, इस लीग में मैच के दौरान एक बार फिर गली क्रिकेट जैसी फील्डिंग देखने को मिली है. 15 अप्रैल को पेशावर जाल्मी और क्वेटा ग्लेडिएटर्स के बीच खेले गए मैच में ऐसा देखने को मिला. क्वेटा ग्लेडिएटर्स की टीम के 9 विकेट गिर चुके थे, जिसके बाद अबरार अहमद और उस्मान तारिक क्रीज पर मौजूद थे. इसी दौरान आखिरी ओवर की चौथी गेंद पर अबरार अहमद ने बैकवर्ड पॉइंट दिशा की ओर से शॉट लगाया. गेंद सीधे फील्डर के पास गई. इस दौरान अबरार और उस्मान तारिक रन लेने के लिए आधी क्रीज पर पहुंच चुके थे. इसके बाद भी पेशावर जाल्मी के खिलाड़ी रन आउट नहीं कर पाए.
फील्डर की चालाकी पड़ी टीम पर भारी!
पेशावर जाल्मी के फरहान यूसफ ने गेंद को आसानी से रोक लिया था. उनके पास डायरेट हिट मारने का मौका था, लेकिन उन्होंने चालाकी दिखाई और स्ट्राइकर एंड की ओर बॉल लेकर भागने लगे. इतनी देर में अबरार आधी पिच से वापस अपनी क्रीज में आ गए. इसके बाद फरहान ने नॉन स्ट्राइकर एंड पर उस्मान तारिक (Usman Tariq) को आउट करने की कोशिश की. फरहान ने थ्रो फेंका, लेकिन वह विकेट पर नहीं लगी. साथ ही वहां पर कोई भी खिलाड़ी बैकअप के लिए मौजूद नहीं था. इससे उस्मान तारिक भी आसानी से अपनी क्रीज पर वापस आ गए. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जो तेजी से वायरल हो रहा है. इसको लेकर पाकिस्तान सुपर लीग को जमकर ट्रोल किया जा रहा है.
Comedy of errors in #PSL pic.twitter.com/xWnrySjlMK
— Nibraz Ramzan (@nibraz88cricket) April 15, 2026
पेशावर जाल्मी ने जीता मुकाबला
मैच की बात करें, तो पेशावर जाल्मी ने इस मुकाबले में आसानी से जीत दर्ज कर ली. क्वेटा ग्लेडिएटर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 154 रन बनाए. क्वेटा की ओर से हसन नवाज ने सबसे ज्यादा 37 रन बनाए. वहीं, पेशावर जाल्मी की ओर से मोहम्मद बसित और सुफियान मुकीम ने 3-3 विकेट चटकाए. इसके बाद पेशावर जाल्मी ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 19वें ओवर में मैच अपने नाम कर लिया. पेशावर जाल्मी ने 9 गेंद बाकी रहते हुए क्वेटा को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी. पेशावर की ओर से बाबर आजम ने 51 गेंद पर 71 रनों की नाबाद पारी खेली, जबकि सलामी बल्लेबाज मोहम्मद हारिस ने 35 रन बनाए.