7
Babar Azam Century: इधर भारत में हो रहे आईपीएल में वैभव सूर्यवंशी तो वहीं, पाकिस्तान में पीएसएल (PSL) 2026 के मौजूदा सीज़न में बाबर ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पेशावर ज़ल्मी को मजबूत शुरुआत दिलाई. क्वेटा ग्लैडिएटर्स के खिलाफ कराची के नेशनल स्टेडियम में खेले गए मैच में उन्होंने 52 गेंदों पर नाबाद 100 रन बनाए. ये उनके टी20 करियर का 12वां शतक था. पारी की शुरुआत करने उतरे लाहौर के इस दाएं हाथ के बल्लेबाज़ ने शानदार फॉर्म दिखाते हुए 192.31 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाज़ी की.
उन्होंने अपनी पारी में 6 चौके और 4 छक्के लगाए और पूरी तरह से विपक्षी गेंदबाज़ों पर हावी रहे. बाबर ने अपनी सेंचुरी मैच की आखिरी गेंद पर दो रन लेकर पूरी की, जो जांहदाद खान द्वारा डाली गई थी. यह उनके PSL करियर का तीसरा शतक था, जिससे उन्होंने टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा शतक लगाने के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली. इस दौरान बाबर ने कुसल मेंडिस के साथ दूसरे विकेट के लिए 75 गेंदों पर 135 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी भी की. मेंडिस ने 44 गेंदों पर 83 रनों की तेज़तर्रार पारी खेली.
इस पारी के साथ बाबर आज़म के टी20 क्रिकेट में कुल शतकों की संख्या 12 हो गई है. इस प्रारूप में उनसे आगे केवल क्रिस गेल हैं, जिनके नाम 22 शतक दर्ज हैं. PSL 2026 में बाबर अब तक 7 पारियों में 401 रन बना चुके हैं, जबकि पेशावर ज़ल्मी के लिए कुसल मेंडिस (413 रन) उनसे आगे हैं. इस शतक के बाद उनका बल्लेबाज़ी औसत 100.25 तक पहुंच गया है.