चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ के लिए आईपीएल 2026 की शुरुआत किसी बुरे सपने जैसी रही है. इस सीजन में वह लगातार पांचवीं बार फ्लॉप हुए हैं, जिससे टीम की ओपनिंग जोड़ी और खुद उनकी फॉर्म पर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं. हालांकि टीम में बाकी बल्लेबाज अच्छा कर रहे हैं लेकिन कप्तान का रन न बनाना सीएसके के लिए बड़ी चिंता का विषय बन गया है. संजू सैमसन के साथ पारी की शुरुआत करते हुए गायकवाड़ ने अब तक 5 पारियों में मात्र 12.6 की औसत से केवल 63 रन बनाए हैं. ऐसे में ऋतुराज की बल्लेबाजी को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं और शायद जल्द ही उनकी बैटिंग पोजीशन को लेकर प्रबंधन को बड़ा फैसला लेने पर मजबूर होना पड़ेगा.
कोलकाता के खिलाफ भी रहे नाकाम
मंगलवार को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ उनके पास फॉर्म में लौटने का अच्छा मौका था, लेकिन वह इसे भुना नहीं पाए. अनुकूल रॉय की गेंद पर स्लॉग स्वीप लगाने की कोशिश में वह अपनी छठी ही गेंद पर आउट होकर पवेलियन लौट गए. गायकवाड़ के इस रवैये को लेकर पूर्व क्रिकेटर इरफान पठान ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी है.
दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मिली जीत के बाद पठान ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा था, ‘ऋतुराज गायकवाड़ के बल्लेबाजी करने के तरीके पर ध्यान देने की जरूरत है. पिछले मैचों को देखें तो उनका कंट्रोल प्रतिशत तो शानदार था, जिसका मतलब है कि उन्होंने रिस्क नहीं लिया. वह बहुत ज्यादा आक्रामक होकर खेलने की कोशिश नहीं कर रहे थे.’
टॉप ऑर्डर की कमजोरी बनी मुसीबत
ऋतुराज की धीमी बल्लेबाजी का सीधा दबाव दूसरे छोर पर खड़े संजू सैमसन पर आ रहा है. जहां संजू ने 56 गेंदों में 115 रनों की नाबाद पारी खेलकर अपनी फॉर्म साबित की है, वहीं गायकवाड़ की सुस्ती टीम के बैलेंस को बिगाड़ रही है. इस सीजन में अब तक सीएसके की ओपनिंग जोड़ी 5 पारियों में सिर्फ एक बार ही 50 से ज्यादा की पार्टनरशिप कर पाई है.
‘ऋतुराज को तीसरे नंबर पर आना चाहिए’
इरफान पठान ने आगे सलाह देते हुए कहा, ‘अगर वह अपना विकेट बचाकर ही खेलना चाहते हैं, तो उन्हें नंबर 3 पर बल्लेबाजी करनी चाहिए. अगर वह बतौर ओपनर ही खेलना चाहते हैं, तो उन्हें अपना नजरिया और खेल का तरीका बदलना ही होगा.’ पावरप्ले में जहां शुरुआती मोमेंटम बहुत जरूरी होता है, वहां गायकवाड़ का अब तक का हाईएस्ट स्कोर सिर्फ 28 रहा है. सीएसके के लिए अब सबसे बड़ी चुनौती यही है कि वह अपने कप्तान को वापस फॉर्म में कैसे लाए, ताकि टीम का संतुलन बना रहे.
कुछ पूर्व क्रिकेटरों का यह भी कहना है कि टॉप ऑर्डर में, युवा आयुष म्हात्रे बेहतर फॉर्म में नजर आ रहे हैं और साथ ही टीम के लिए अहम रन भी बना रहे हैं. ऐसे में म्हात्रे को सैमसन के साथ पारी की शुरुआत करने के लिए भेजना चाहिए। ऋतुराज के लगातार गिरते हुए फॉर्म को देखते हुए अब ऐसा लग रहा है कि प्रबंधन यह बड़ा फैसला ले सकती है