ICC Player Of Month: भारत को टी20 वर्ल्ड कप जिताने वाले स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन (Sanju Samson) को आईसीसी ओर से खास इनाम मिला है. इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने संजू सैमसन को मार्च महीने के लिए आईसीसी का बेस्ट प्लेयर चुना है. संजू सैमसन ने पिछले महीने टी20 वर्ल्ड कप में कई यादगार पारियां खेलीं, जिनके दम पर भारत ने तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया. ICC की ओर से बयान में कहा गया कि आईसीसी मेंस टी20 विश्व कप 2026 में शानदार प्रदर्शन के चलते भारत के संजू सैमसन को मार्च महीने के लिए आईसीसी पुरुष प्लेयर ऑफ द मंथ चुना गया है. ICC ने बताया कि यह अवॉर्ड जीतने पर संजू सैमसन ने कहा, ‘आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ का पुरस्कार जीतना एक अविश्वसनीय एहसास है. खासकर इसलिए क्योंकि यह मेरे क्रिकेट करियर के सबसे अविस्मरणीय दौर में मिला है.’
जसप्रीत बुमराह को छोड़ा पीछे
संजू सैमसन के अलावा 2 अन्य खिलाड़ी भी आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ की रेस में थे. सैमसन के अलावा भारत के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) और साउथ अफ्रीका के बल्लेबाज कॉनर एस्टरहुइजन को भी मार्च के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के पुरस्कार के लिए नामित किया गया था. संजू सैमसन ने इन दोनों खिलाड़ियों को पीछे छोड़ते हुए यह अवॉर्ड अपने नाम किया.
3⃣2⃣1⃣ runs 👌
8⃣0⃣.2⃣5⃣ average 🫡
3⃣ fifties 🙌Congratulations to @IamSanjuSamson on being named the ICC Men’s Player of the Month for March 🏅 following his staggering show in #TeamIndia’s triumphant ICC Men’s T20 World Cup 2026 campaign 👏👏 pic.twitter.com/59LSRAj5Hk
— BCCI (@BCCI) April 14, 2026
संजू सैमसन ने खेली थी 3 अहम पारियां
टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत में संजू सैमसन भारतीय टीम की प्लेइंग-11 का हिस्सा नहीं थे. बाद में टीम के कॉम्बिनेशन के चलते उन्हें मौका दिया गया. 26 फरवरी को सुपर-8 मैच में जिम्बाब्वे के खिलाफ संजू सैमसन ने वापसी की, जिसके बाद उन्होंने अपनी लय बरकरार रखी. फिर 1 मार्च को वेस्टइंडीज के खिलाफ वर्चुअल क्वार्टरफाइनल में संजू सैमसन ने 97 रनों की नाबाद पारी खेलकर भारत को सेमीफाइनल में पहुंचाया.
इसके बाद फिर सेमीफाइनल में संजू सैमसन ने इंग्लैंड के खिलाफ 89 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसके दम पर भारत ने 253/7 का स्कोर खड़ा किया. इस मैच में भारत ने 7 रन से जीत हासिल की. फिर 8 मार्च को अहमदाबाद में खेले गए फाइनल मुकाबले में भी संजू सैमसन ने 89 रनों की शानदार पारी खेली, जिसके दम पर भारत ने 96 रनों से जीत दर्ज की. संजू सैमसन की यह तीनों पारियां मार्च के महीने में आईं. इन तीन मैचों में संजू सैमसन ने 137.50 की औसत और 199.27 के शानदार स्ट्राइक रेट से 275 रन बनाए.