Shane Watson on Varun Chakravarthy: शेन वॉट्सन ने वरुण चक्रवर्ची की जमकर तारीफ की है. कोलकाता नाइट राइडर्स के असिस्टेंट कोच वॉटसन ने कहा कि वरुण चोट में भी टीम के लिए लगातार खेल रहे हैं. उनके बाएं पैर में हेयरलाइन फ्रैक्चर है, फिर भी वह दर्द सहकर मैदान में उतर रहे हैं ताकि टीम को प्लेऑफ तक पहुंचाने में मदद कर सकें. केकेआर ने 20 मई को मुंबई इंडियंस को हराकर प्लेऑफ की दौड़ में खुद को बनाए रखा है.
वरुण को यह चोट 8 मई को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच के दौरान फील्डिंग करते समय लगी थी. इस वजह से वह 13 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मुकाबला नहीं खेल पाए थे. लेकिन उसके बाद उन्होंने वापसी की और पूरी तरह फिट नहीं होने के बावजूद लगातार मैच खेले. वॉटसन ने कहा कि इससे पता चलता है कि वरुण टीम के लिए कितना कुछ करना चाहते हैं.
खराब शुरुआत के बाद शानदार वापसी
टी20 वर्ल्ड कप के बाद वरुण चक्रवर्ती अपनी लय में नजर नहीं आ रहे थे. आईपीएल के शुरुआती तीन मैचों में उन्हें एक भी विकेट नहीं मिला था और उन्होंने काफी रन भी दिए थे. लेकिन टूर्नामेंट आगे बढ़ने के साथ उन्होंने जोरदार वापसी की. उनकी गेंदबाजी में फिर से धार दिखाई देने लगी और वह टीम के सबसे अहम गेंदबाज बन गए.
केकेआर की उम्मीदों को मिली ताकत
हाल के चार मैचों में वरुण ने 10 विकेट लेकर केकेआर को प्लेऑफ की रेस में बनाए रखने में बड़ी भूमिका निभाई है. हाल ही में टीम ने Mumbai Indians को चार विकेट से हराकर अपनी उम्मीदें जिंदा रखीं. वॉटसन ने कहा कि टीम खुद को खुशकिस्मत मानती है कि उनके पास वरुण जैसा खिलाड़ी है, जो दर्द में भी टीम के लिए पूरी मेहनत से खेल रहा है. उन्होंने कहा कि वरुण का जज्बा बाकी खिलाड़ियों के लिए भी मिसाल है.