दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ यशस्वी जायसवाल ने छक्का लगाकर आईपीएल इतिहास में खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेले गए मुकाबले में जायसवाल ने मिचेल स्टार्क की पहली ही गेंद पर छक्का जड़ते हुए एक एलीट लिस्ट में अपनी जगह बना ली. दिल्ली कैपिटल्स के लिए इस मुकाबले में स्टार्क की वापसी काफी अहम मानी जा रही थी. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से मंजूरी मिलने के बाद उन्हें प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया था ताकि टीम के कमजोर पड़ रहे पेस अटैक को मजबूती मिल सके.
लेकिन उनकी वापसी की पहली ही गेंद पर यशस्वी ने करारा जवाब दिया. स्टार्क ने लेंथ में चूक की और जायसवालने मौका नहीं गंवाते हुए गेंद को बैकवर्ड स्क्वायर लेग के ऊपर से दर्शकों के पास पहुंचा दिया. इस छक्के के साथ जायसवाल आईपीएल इतिहास में मैच की पहली गेंद पर छक्का लगाने वाले केवल पांचवें बल्लेबाज बन गए. उनसे पहले यह कारनामा नमन ओझा, विराट कोहली, फिल सॉल्ट और प्रियांश आर्या कर चुके हैं. यही नहीं, जायसवाल आईपीएल इतिहास के पहले ऐसे बल्लेबाज भी बन गए जिन्होंने चार अलग-अलग मौकों पर पारी की पहली गेंद पर छक्का लगाया है.
सिर्फ 6 रन बनाकर आउट
यह रिकॉर्ड उनकी आक्रामक बल्लेबाजी शैली का उदाहरण है. हालांकि धमाकेदार शुरुआत के बावजूद उनकी पारी ज्यादा लंबी नहीं चल सकी. स्टार्क ने शानदार वापसी करते हुए सिर्फ दो गेंद बाद जायसवालको आउट कर दिया. मिडिल स्टंप पर डाली गई फुल टॉस गेंद पर जायसवाल चकमा खा गए और गेंद बल्ले के ऊपरी हिस्से से लगकर हवा में चली गई, जिसे स्टार्क ने आसान कैच में बदल दिया. वह 3 गेंदों में 6 रन बनाकर आउट हो गए.
जायसवाल का इस सीजन में प्रदर्शन
आउट होने के बावजूद जायसवाल का इस सीजन प्रदर्शन शानदार रहा है. उन्होंने 10 मैचों में 312 रन बनाए हैं, जिसमें उनका औसत 39 और स्ट्राइक रेट 159.18 का रहा है. भले ही हाल के दिनों में वैभव सूर्यवंशी के उभरने से सुर्खियां कुछ बंटी हों, लेकिन जायसवालअब भी राजस्थान रॉयल्स की बल्लेबाजी के सबसे अहम स्तंभों में से एक बने हुए हैं.