Yashasvi Jaiswal Record: आईपीएल 2026 के एक रोमांचक मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स के स्टार सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने मैदान पर उतरते ही अपने इरादे साफ कर दिए. ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज गेंदबाज मिचेल स्टार्क जो क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से क्लीयरेंस मिलने के बाद दिल्ली कैपिटल्स की गेंदबाजी को मजबूती देने आए थे, उनका स्वागत जायसवाल ने पहली ही गेंद पर गगनचुंबी छक्के के साथ किया.
स्टार्क की गेंद पर यशस्वी का प्रहार
दिल्ली कैपिटल्स को उम्मीद थी कि स्टार्क की वापसी से उनके फीके पड़ रहे पेस अटैक में जान आएगी लेकिन जायसवाल ने मैच की पहली ही गेंद पर स्टार्क की लेंथ को भांप लिया. स्टार्क ने गेंद स्लॉट में डाली और यशस्वी ने उसे पूरे सम्मान के साथ बैकवर्ड स्क्वायर लेग के ऊपर से बाउंड्री के पार भेज दिया. हालांकि स्टार्क ने पलटवार करने में देर नहीं की और महज दो गेंद बाद ही जायसवाल को एक फुल-टॉस पर चकमा देकर खुद ही कैच लपक लिया.
बनाया ऐतिहासिक रिकॉर्ड
इस छक्के के साथ ही यशस्वी जायसवाल आईपीएल के इतिहास में चार बार पारी की पहली गेंद पर छक्का जड़ने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं. उन्होंने इस मामले में प्रियांश आर्य (2 बार) और विराट कोहली जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़ दिया है.
मैच की पहली गेंद पर छक्का जड़ने वाले खिलाड़ी:
- नमन ओझा (RR): विरुद्ध ब्रैड हॉज (KKR), डरबन, 2009
- विराट कोहली (RCB): विरुद्ध वरुण आरोन (RR), बेंगलुरु, 2019
- फिल साल्ट (KKR): विरुद्ध नुवान तुषारा (MI), कोलकाता, 2024
- प्रियांश आर्य (PBKS): विरुद्ध खलील अहमद (CSK), मुल्लनपुर, 2025
- यशस्वी जायसवाल (RR): विरुद्ध मिचेल स्टार्क (DC), जयपुर, 2026
शानदार फॉर्म में जायसवाल
भले ही इन दिनों वैभव सूर्यवंशी की चर्चा जोरों पर हो, लेकिन राजस्थान रॉयल्स के लिए यशस्वी आज भी सबसे महत्वपूर्ण कड़ी बने हुए हैं. इस सीजन के 10 मैचों में जायसवाल ने 39 की औसत और 159.18 के स्ट्राइक रेट से 312 रन बनाए हैं. पिछला बड़ा स्कोर उन्होंने मंगलवार को पंजाब किंग्स के खिलाफ बनाया था, जहाँ उन्होंने 51 रनों की शानदार पारी खेली थी.