Beed Rape Case: महाराष्ट्र के बीड से इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पिता ही हैवान बन गया और अपनी 13 साल की सौतेली बेटी का रेप किया. पुलिस ने नौ अप्रैल को हुई इस घटना के संबंध में प्राप्त एक शिकायत के आधार पर यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस के अनुसार, पीड़िता की मां ने नौ साल पूर्व अपने पहले पति को तलाक दे दिया था और आरोपी से शादी कर ली थी.
पुलिस ने बताया कि आरोपी और महिला का एक बेटा भी है. नौ अप्रैल की दोपहर जब महिला घर पर नहीं थी, तब आरोपी ने अपनी सौतेली बेटी के साथ कथित तौर पर रेप किया और उसे चुप रहने की धमकी दी.
मामले का कैसे हुआ खुलासा?
पुलिस ने बताया कि घटना का खुलासा उस वक्त हुआ, जब मां घर लौटी और उसने अपनी बेटी के व्यवहार में बदलाव देखा. पूछताछ करने पर लड़की ने आपबीती सुनाई, जिसके बाद कैज पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई गई.
जानकारी के मुताबिक 9 अप्रैल की सुबह पीड़िता की मां अपने मायके गई हुई थी, जिसके कारण 13 साल की लड़की घर में अकेली थी. दोपहर के समय जब सौतेला पिता घर पहुंचा, तो उसने बेटी से मां के बारे में पूछताछ की.
लड़की ने अपनी मां को किया फोन
लड़की ने अपनी मां को फोन करके वापस आने का समय पूछा, जिस पर मां ने बताया कि उसे लौटने में कुछ वक्त लगेगा. घर में किसी और के न होने का फायदा उठाते हुए आरोपी ने अपनी घिनौनी साजिश को अंजाम दिया. उसने नाबालिग के साथ अश्लील हरकतें शुरू कर दीं.
वहीं पीड़िता ने इसका कड़ा विरोध किया और मां को सब कुछ बताने की बात कही, तो आरोपी ने उसे डराया-धमकाया. पीड़िता के विरोध को दरकिनार करते हुए आरोपी ने उसके साथ जबरन रेप किया.
इसके बाद पीड़िता की मां मायके से वापस लौटी, तो उसने देखा कि उसकी बेटी लगातार रो रही है और गुमसुम है. मां के बार-बार पूछने पर भी डरी हुई बच्ची ने शुरुआत में कुछ नहीं बताया. हालांकि, जब मां ने उसे विश्वास में लिया और प्यार से पूछा, तो पीड़िता ने रोते हुए अपने सौतेले पिता की इस काली करतूत का खुलासा कर दिया.