London News: लंदन से एक बेहद डरावनी और हैरान करने वाली खबर सामने आई है. शादी के बाद एक महिला ने अपने पति पर सबसे ज्यादा भरोसा किया था, लेकिन वही पति उसकी जिंदगी का सबसे बड़ा गुनहगार निकला. महिला ने अब हिम्मत दिखाकर अपनी पहचान सबके सामने लाई है और ब्रिटिश चैनल ITV न्यूज पर अपनी आपबीती सुनाई है. डेली मेल के मुताबिक, महिला ने बताया कि उसका पति उसे नशीली दवा देकर बेहोश कर देता था. इसके बाद वह दूसरे पुरुषों को घर बुलाता था और उनके साथ मिलकर उसका शोषण करवाता था. वह खुद यह सब देखता था और कथित तौर पर इसका ऑनलाइन लाइव भी करता था. बाहर से देखने पर पति बिल्कुल सामान्य लगता था. परिवार की तस्वीरों में दोनों की जिंदगी खुशहाल दिखती थी, लेकिन घर के अंदर उसका बर्ताव हिंसक और कंट्रोल करने वाला था.
दवाओं पर था पति का पूरा कंट्रोल
महिला के मुताबिक, पति उनकी डॉक्टर की लिखी दवाओं पर पूरा कंट्रोल रखता था. एक घर के वीडियो में भी वह उन्हें दवा लेने के लिए कहता दिखा. महिला को शक है कि इन्हीं दवाओं से उन्हें बेहोश रखा जाता था. उन्होंने बताया कि पति कई बार उनके पेय में दवा का पाउडर मिला देता था. बाद में उसने GHB नाम का नशीला पदार्थ इस्तेमाल करना शुरू कर दिया, जिससे व्यक्ति बेहोश हो सकता है.
उस रात खुली आंख तो उड़ गए होश
महिला ने उस रात का अनुभव भी बताया, जब पहली बार उन्हें सच्चाई का पता चला. उन्होंने बताया कि एक रात वह रसोई में पति के साथ बैठी थीं. पति ने साथ में पेय पीने का सुझाव दिया और उनके लिए जिन एंड टॉनिक बनाया. महिला को जरा भी अंदाजा नहीं था कि पेय में कुछ मिलाया गया है. कुछ घंटे बाद जब उनकी आंख खुली तो वह बिस्तर पर थीं और एक अनजान व्यक्ति उनके साथ गलत काम कर रहा था. बगल में देखा तो पति दरवाजे पर खड़ा था. उस वक्त उन्हें लगा कि अब उनकी हत्या कर दी जाएगी. लेकिन उन्होंने हिम्मत दिखाई और पीछे खिसक गईं. इसके बाद वह व्यक्ति उठकर वहां से भाग गया.
पांच साल तक चलता रहा शोषण
बाद में महिला को पता चला कि यह सब एक-दो बार नहीं, बल्कि करीब पांच साल तक चलता रहा. पति उन्हें नशीला पदार्थ देकर बेहोश करता रहा और दूसरे पुरुषों को घर बुलाकर उनका शोषण करवाता रहा. साल 2022 में महिला के पति को इन अपराधों के लिए 14 साल 8 महीने की जेल की सजा सुनाई गई. उस समय उसकी उम्र 43 साल थी और वह ब्रिस्टल का रहने वाला था. उसने तीन बार दुष्कर्म, तीन बार कोशिश, एक यौन हमला और जहरीला पदार्थ देने का अपराध कबूल किया था. कोर्ट ने उस पर 8 साल की निगरानी अवधि भी लगाई थी.
सात आरोपी अब भी फरार
पति के जेल जाने के बाद भी महिला ने हिम्मत नहीं हारी. उन्होंने पति से फोन पर हुई बातचीत रिकॉर्ड की और सबूत जुटाने शुरू किए. इसी दौरान उन्हें पता चला कि कुल सात पुरुष उनके साथ गलत काम कर चुके थे. इनमें से आखिरी आरोपी दो बार उनके घर आया था. इस तरह महिला के साथ कुल आठ बार हिंसा हुई थी. सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि पति को सजा मिलने के बावजूद बाकी सात आरोपी अब तक गिरफ्तार नहीं हुए हैं. महिला ने पुलिस की जांच में देरी और लापरवाही पर भी सवाल उठाए हैं.
पुलिस की जांच पर उठे सवाल
ITV न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, अगस्त 2021 में पुलिस ने उस रात महिला के बिस्तर की चादरें जब्त की थीं. लेकिन इन चादरों की DNA जांच करीब 20 महीने बाद की गई. महिला ने यह भी सवाल उठाया कि उनके घर के आसपास की सड़कों के सभी CCTV फुटेज क्यों नहीं जुटाए गए. इसके अलावा बिस्तर के ढांचे से उंगलियों के निशान भी नहीं लिए गए. पुलिस ने कहा था कि ढांचे को कई लोग छू चुके होंगे, इसलिए निशान मिलना मुश्किल है. हालांकि, महिला ने बिस्तर के उस ढांचे को सालों तक संभालकर रखा. बाद में नई जांच टीम ने उसे अपने कब्जे में ले लिया. एवन एंड समरसेट पुलिस ने कहा कि उन्हें अफसोस है कि जांच के कुछ पहलुओं को लेकर महिला निराश हैं. पुलिस के मुताबिक, महिला के पति को लंबी जेल की सजा मिल चुकी है. हालांकि, मामले की गहन जांच अब भी जारी है और इसकी जिम्मेदारी विशेष रूप से प्रशिक्षित जासूसों को सौंपी गई है.