Meerut murder case: उत्तर प्रदेश के मेरठ में प्रेम प्रसंग और शादी से इनकार को लेकर हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. परतापुर थाना क्षेत्र में बिजली बंबा बाईपास के पास एक युवक ने अपनी 25 वर्षीय प्रेमिका की गला दबाकर हत्या कर दी. मृतका की पहचान लिसाड़ी गेट निवासी समरीन के रूप में हुई है, जबकि आरोपी का नाम फिरोज बताया गया है. पुलिस के मुताबिक, दोनों के बीच करीब छह साल से प्रेम संबंध थे. हाल ही में समरीन का रिश्ता दूसरी जगह तय होने की जानकारी मिलने के बाद आरोपी नाराज था. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद पुलिस को फोन कर हत्या की सूचना दी. पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
छह साल से था प्रेम प्रसंग
पुलिस अधीक्षक नगर विनायक गोपाल भोसले के अनुसार, समरीन लिसाड़ी गेट की रहने वाली थी और फतेहउल्लापुर स्थित एक कॉल सेंटर में काम करती थी. पड़ोस में रहने वाले फिरोज के साथ उसका करीब छह साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था. हालांकि, पिछले दो महीने से समरीन ने फिरोज से बातचीत कम कर दी थी.इसी बीच फिरोज को पता चला कि समरीन का रिश्ता मेरठ के ही एक युवक से तय हो गया है. इस बात से वह नाराज हो गया और समरीन से दोबारा बातचीत करने का प्रयास करने लगा. लेकिन युवती ने उससे बात करने से इनकार कर दिया. बताया गया है कि कुछ दिन पहले फिरोज ने समरीन के घर जाकर हंगामा और मारपीट भी की थी. इस मामले में युवती के परिजनों ने उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी.
मिलने के बहाने बुलाया, बाइक से जंगल में ले गया आरोपी
पुलिस के मुताबिक, बृहस्पतिवार सुबह समरीन का भाई अजीम उसे कॉल सेंटर छोड़ने गया था. काम खत्म होने के बाद समरीन ने वहां से निकलकर फिरोज से मुलाकात की. आरोप है कि फिरोज उसे बिजली बंबा बाईपास के पास से अपनी बाइक पर बैठाकर सड़क से करीब 100 मीटर अंदर जंगल की ओर ले गया. वहां दोनों के बीच शादी को लेकर बहस शुरू हो गई. फिरोज चाहता था कि समरीन उससे शादी करे, जबकि युवती इसके लिए तैयार नहीं थी. इसी विवाद के दौरान आरोपी ने उसके साथ हाथापाई की और फिर गला दबाकर हत्या कर दी.
भागने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने पीछा कर पकड़ा
बताया जा रहा है कि समरीन ने फिरोज के चंगुल से बचने की पूरी कोशिश की थी. उसने वहां से भागने का प्रयास भी किया, लेकिन आरोपी ने पीछा करके उसे पकड़ लिया और गला दबा दिया. हत्या के बाद उसने शव को झाड़ियों में डाल दिया. वारदात के बाद फिरोज मौके पर ही मौजूद रहा. उसकी बाइक भी घटनास्थल के पास खड़ी मिली. हत्या करने के बाद फिरोज ने खुद पुलिस को फोन करके घटना की जानकारी दी. सूचना मिलते ही एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले समेत परतापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने आरोपी फिरोज को मौके से हिरासत में लेकर पूछताछ की. उसके खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है.
परिवार में मचा कोहराम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
समरीन की हत्या की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. उसके भाई फैजल ने बताया कि फिरोज ने धोखे से समरीन को मिलने के लिए बुलाया था. परिजनों के मुताबिक, समरीन का रिश्ता मेरठ के ही एक युवक से तय हो चुका था. इसी बात को लेकर फिरोज नाराज था. बेटी की मौत से पिता इस्माईल, मां सलीमा और भाई अजीम, शाह आलम, फैजल समेत बहन सीबा का रो-रोकर बुरा हाल है.