Kanpur Crime News: उत्तर प्रदेश के कानपुर में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक मामला सामने आया है. यहां शादीशुदा प्रेमिका से मिलने पहुंचे 25 वर्षीय युवक का शव उसके घर में फंदे से लटका मिला. मृतक की पहचान फतेहपुर जिले के मलवां थाना क्षेत्र के मोहनखेड़ा गांव निवासी शिव प्रताप सिंह उर्फ सौरव के रूप में हुई है. महिला का पति ललितपुर में रेवेन्यू इंस्पेक्टर के पद पर तैनात है. घटना कानपुर के घाटमपुर थाना क्षेत्र के रवाईपुर गांव की है.
प्रेमिका से मिलने पहुंचा था युवक
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शिव प्रताप सिंह की करीब डेढ़ साल पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक के जरिए रवाईपुर गांव की रहने वाली पूजा से दोस्ती हुई थी. धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और प्रेम संबंध हो गए. पूजा की शादी आशुतोष सोनकर से हुई है. वह ललितपुर में रेवेन्यू इंस्पेक्टर के पद पर तैनात हैं. दंपती के दो बच्चे भी हैं. बताया जा रहा है कि मंगलवार देर रात शिव प्रताप अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा था. वह घर के एक कमरे में मौजूद था. इसी दौरान महिला के देवर परितोष को कमरे में किसी के होने का शक हुआ. उसने कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया और परिवार के अन्य लोगों को इसकी जानकारी दी.
कमरे में फंदे से लटका मिला शव
घर में युवक के पकड़े जाने के बाद हंगामा शुरू हो गया. इसी बीच कमरे के अंदर शिव प्रताप का शव छत में लगे लोहे के एंगल से साड़ी के फंदे पर लटका मिला. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस के शुरुआती घटनाक्रम के मुताबिक, कमरे में बंद होने के बाद युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी. वहीं, मृतक के पिता सूरजभान सिंह ने बेटे की मौत को लेकर हत्या की आशंका जताई है. उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है. पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
प्रेमिका और देवर गिरफ्तार
हिंदुस्तान की रिपोर्ट के मुताबिक, मामले में पुलिस ने महिला पूजा और उसके देवर परितोष को गिरफ्तार किया है. एसीपी कृष्णकांत यादव के अनुसार, युवक महिला के बुलाने पर उसके घर पहुंचा था. वहां मौजूद महिला के देवर ने उसे कमरे में बंद कर दिया था. इसके बाद युवक का शव फंदे से लटका मिला. दूसरी तरफ, मृतक के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत दी है. मामले की जांच जारी है.