Marriage fraud: मोहाली की रहने वाली एक युवती ने उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर निवासी एक युवक पर शादी का झांसा देकर उसके साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहने और बाद में शादी से इनकार करने का आरोप लगाया है. युवती का कहना है कि सोशल मीडिया के जरिए दोनों की बातचीत शुरू हुई थी, जिसके बाद उनकी नजदीकियां बढ़ीं और अप्रैल में दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे. अब युवती ने मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर दूसरी बार मंडी के एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत दी है. पुलिस ने मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है.
सोशल मीडिया से शुरू हुई बातचीत, अप्रैल में साथ रहने लगे
युवती के मुताबिक, आरोपी युवक मंडी में दर्जी का काम करता है और मूल रूप से मुजफ्फरनगर का रहने वाला है. दोनों के बीच जनवरी में सोशल मीडिया के जरिए बातचीत शुरू हुई थी. बातचीत बढ़ने के बाद दोनों के बीच नजदीकियां हुईं और अप्रैल में वे लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे. युवती का आरोप है कि इस दौरान युवक ने उससे शादी करने का वादा किया था.
13 अगस्त को शादी से इनकार का आरोप
युवती का कहना है कि 13 अगस्त को जब वह आरोपी के घर पहुंची, तो युवक और उसके परिवार ने शादी करने से इनकार कर दिया. इसके बाद वह शिकायत लेकर मंडी थाने पहुंची, लेकिन उसके मुताबिक वहां एफआईआर दर्ज नहीं की गई. बाद में उसने मुजफ्फरनगर थाने में जीरो एफआईआर दर्ज कराई. पीड़िता के मुताबिक, जीरो एफआईआर दर्ज होने के करीब दो दिन बाद दोनों के बीच समझौता हो गया. इसके बाद आरोपी युवक उसे लेकर मोहाली पहुंचा. हालांकि, युवती का आरोप है कि मोहाली पहुंचने के दो दिन बाद ही युवक उसे छोड़कर चला गया. उसने दावा किया कि आरोपी के पास उसके गहने, आईफोन और करीब एक लाख रुपये भी हैं.
पुलिस पर मेडिकल में देरी का आरोप
युवती ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं. उसका आरोप है कि मामले में उसका मेडिकल देर से कराया गया. अब वह दूसरी बार मंडी के एसपी कार्यालय पहुंची और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. मंडी के एसपी विनोद कुमार ने बताया कि मामले में सदर थाना पुलिस की टीम आरोपी की तलाश कर रही है. एसपी के अनुसार, मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया है. पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है.