Rajiv Thakur Avatar Claim: बॉलीवुड पर अक्सर आरोप लगते हैं कि वे फिल्मों की कहानी चोरी करते हैं. बॉलीवुड की कुछ फिल्मों की कहानी कभी हॉलीवु़ड, तो कभी टॉलीवुड से इंस्पायर होती हैं. वहीं राजीव ठाकुर ने एक हालिया पॉडकास्ट में ऐसा दावा किया है, जिसने बॉलीवुड और हॉलीवुड फिल्मों की मौलिकता पर नई बहस छेड़ दी है. आमतौर पर हिंदी फिल्मों पर विदेशी फिल्मों की नकल करने के आरोप लगते रहे हैं, लेकिन इस बार राजीव ठाकुर का कहना है कि मामला उल्टा है. उनके मुताबिक, जेम्स कैमरून की ऑस्कर विजेता फिल्म ‘Avatar’ की कहानी 1987 में रिलीज हुई अनिल कपूर की फिल्म ‘ठिकाना’ से काफी मिलती-जुलती है.
पॉडकास्ट के दौरान जब होस्ट वैभव मुंजाल ने उनसे इस दावे पर सवाल किया, तो राजीव ठाकुर ने बिना झिझक कहा कि अगर कोई ‘ठिकाना’ की कहानी ध्यान से देखे, तो उसे ‘Avatar’ से कई समानताएं नजर आएंगी. उन्होंने कहा कि दोनों फिल्मों का मूल प्लॉट लगभग एक जैसा महसूस होता है.
राजीव ठाकुर ने सुनाई ठिकाना की कहानी
राजीव ठाकुर ने अपनी बात समझाने के लिए ‘ठिकाना’ की कहानी भी सुनाई. उनके अनुसार, फिल्म में अनिल कपूर एक पुलिस अधिकारी की भूमिका में हैं, जिसे एक डाकू गिरोह में घुसपैठ करने के लिए भेष बदलकर भेजा जाता है. गिरोह का नेतृत्व प्राण करते हैं, जबकि पूनम ढिल्लों उनकी बेटी बनी हैं. मिशन के दौरान अनिल कपूर को पूनम ढिल्लों से प्यार हो जाता है. धीरे-धीरे वह पूरे गिरोह को आत्मसमर्पण के लिए तैयार कर लेते हैं.
गांव पर होता है हमला
हालांकि कहानी में मोड़ तब आता है, जब पुलिस विभाग का एक भ्रष्ट अधिकारी सभी डाकुओं को मार गिराने की योजना बना लेता है. अनिल कपूर उसे समझाने की कोशिश करते हैं कि डाकू हथियार डालने को तैयार हैं, लेकिन अधिकारी उनकी बात नहीं मानता और गांव पर हमला करने निकल पड़ता है. ऐसे में अनिल कपूर अपने ही विभाग के खिलाफ खड़े होकर उन लोगों का साथ देते हैं, जिनके बीच वह मिशन पर पहुंचे थे.
अवतार में क्या है?
राजीव ठाकुर का कहना है कि ‘Avatar’ की कहानी भी इसी तरह आगे बढ़ती है. फिल्म में पूर्व मरीन जेक सली को पेंडोरा ग्रह पर रहने वाले नावी समुदाय के बीच भेजा जाता है. शुरुआत में वह एक मिशन का हिस्सा होता है, लेकिन नावी प्रमुख की बेटी नेतिरी से प्यार होने के बाद उसका नजरिया बदल जाता है. जब इंसानी सेना नावी समुदाय पर हमला करती है, तो जेक अपने पुराने साथियों का विरोध करते हुए नावी लोगों के साथ खड़ा हो जाता है और उनके लिए लड़ाई लड़ता है.