Bollywood Religious Movie: बॉक्स ऑफिस पर इन दिनों भक्ति और आस्था से जुड़ी कहानियों का रंग गहराता दिखाई दे रहा है. ‘हनुमान अंश’ की सफलता के बाद मेकर्स अब धार्मिक और आध्यात्मिक कहानियों को बड़े पर्दे पर लाने की तैयारी में जुट गए हैं. इसी कड़ी में शिरडी के साईं बाबा की जिंदगी पर आधारित ‘तेरा साई’ और खाटू श्याम जी की आस्था से जुड़ी एक नई फिल्म का ऐलान किया गया है. खास बात यह है कि दोनों ही फिल्मों को 2027 में सिनेमाघरों में उतारने की तैयारी है.
‘तेरा साई’ में नजर आएंगे संजय मिश्रा
साईं बाबा के जीवन, उनकी शिक्षाओं और इंसानियत के संदेश को केंद्र में रखकर बनाई जा रही फिल्म ‘तेरा साई’ की रिलीज डेट भी सामने आ गई है. फिल्म 5 फरवरी 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. रिलीज डेट के ऐलान के लिए मेकर्स ने शिरडी को चुना. निर्माता शैलेश एस. सांघवी और फिल्ममेकर पलाश मुच्छल शिरडी स्थित साईं बाबा मंदिर पहुंचे और बाबा का आशीर्वाद लेने के बाद फिल्म की रिलीज डेट की घोषणा की. फिल्म की कहानी साईं बाबा की जिंदगी और उनके प्रेम, मानवता तथा भाईचारे के संदेश के इर्द-गिर्द बुनी गई है. फिल्म को पलाश मुच्छल ने लिखा और निर्देशित किया है.
साईं बाबा के किरदार में दिखेंगे संजय मिश्रा
‘तेरा साई’ में साईं बाबा की भूमिका दिग्गज अभिनेता संजय मिश्रा निभा रहे हैं. उनके अलावा सयाजी शिंदे, मनोज जोशी, ओंकार दास मानिकपुरी, अविका गोर और रोहन मेहरा जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे. फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है और फिलहाल पोस्ट प्रोडक्शन का काम चल रहा है. मेकर्स ने उस दौर को पर्दे पर उतारने के लिए पीरियड लुक और माहौल को काफी प्रामाणिक रखने की कोशिश की है. फिल्म की सबसे खास बात यह बताई जा रही है कि इसमें साईं बाबा को केवल एक आध्यात्मिक शख्सियत के रूप में नहीं, बल्कि उनके मानवीय पक्ष और लोगों से जुड़ाव को भी प्रमुखता से दिखाया जाएगा.
अब खाटू श्याम जी की कहानी भी बड़े पर्दे पर
इधर ‘हनुमान अंश’ की सफलता के बाद खाटू श्याम जी की आस्था से जुड़ी एक और फिल्म का ऐलान किया गया है. प्रोडक्शन कंपनी अबनदांतिया एंटरटेनमेंट और सिलेक्ट मीडिया होल्डिंग ने श्री खाटू श्याम जी की कहानी से प्रेरित एक फीचर फिल्म बनाने की घोषणा की है. फिल्म का फिलहाल नाम ‘हारे का सहारा बाबा खाटू श्याम हमारा’ रखा गया है. कहानी खाटू श्याम जी से जुड़ी उस आस्था और मान्यता पर आधारित होगी, जिसे देशभर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मानते हैं. फिल्म में यह दिखाने की कोशिश होगी कि बाबा खाटू श्याम जी की भक्ति और उनके प्रति विश्वास किस तरह भक्तों को मुश्किल समय में उम्मीद और रास्ता देता है.
2027 में सिनेमाघरों में होगी भक्ति की टक्कर
‘हारे का सहारा बाबा खाटू श्याम हमारा’ को 2027 में रिलीज करने की तैयारी है. हालांकि अभी फिल्म के निर्देशक और कलाकारों से जुड़ी जानकारी सामने नहीं आई है. वहीं ‘तेरा साई’ की रिलीज डेट तय हो चुकी है. ऐसे में 2027 में दर्शकों को एक के बाद एक धार्मिक और आध्यात्मिक कहानियां बड़े पर्दे पर देखने को मिल सकती हैं.
क्या बॉलीवुड में लौट रहा है धार्मिक सिनेमा का दौर?
‘हनुमान अंश’ की सफलता के बाद धार्मिक कहानियों पर फिल्मों की घोषणा को महज संयोग नहीं माना जा रहा. दर्शकों के बीच आस्था, आध्यात्मिकता और भारतीय धार्मिक कथाओं से जुड़ी फिल्मों को लेकर बढ़ती दिलचस्पी ने मेकर्स का ध्यान भी इस ओर खींचा है. अब साईं बाबा और खाटू श्याम जी की कहानियों को बड़े पर्दे पर लाने की तैयारी इसी बदलते सिनेमाई ट्रेंड की ओर इशारा कर रही है. इतना ही नहीं, खबरें यह भी हैं कि करण जौहर भी भक्ति पर आधारित फिल्म बनाने की तैयारी में हैं. यानी आने वाले समय में बॉक्स ऑफिस पर एक्शन, रोमांस और कॉमेडी के साथ-साथ भक्ति और आस्था की कहानियों का भी बड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है.