Arushi Nishank Chirag Paswan Marriage Rumours: केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और अभिनेत्री आरुषि निशंक की शादी को लेकर सोशल मीडिया पर काफी समय से चर्चाएं चल रही थीं. अब आरुषि ने इन अटकलों पर अपनी प्रतिक्रिया देकर साफ कर दिया है कि दोनों के बीच ऐसा कोई रिश्ता नहीं है. उन्होंने चिराग को अपना अच्छा दोस्त बताते हुए कहा कि एक सामान्य मुलाकात को लोगों ने अलग ही कहानी बना दिया.
दरअसल, साल 2024 में आरुषि निशंक चिराग पासवान से उनके आवास पर मिलने पहुंची थीं. इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद दोनों के रिश्ते को लेकर चर्चाएं शुरू हो गईं. आरुषि अपने साथ एक किताब लेकर गई थीं, लेकिन इंटरनेट पर लोगों ने इसे शादी का कार्ड समझ लिया. इसके बाद दोनों की शादी होने तक की अटकलें लगाई जाने लगीं.
‘किताब देने गई थी, शादी का कार्ड बन गया’
IANS के साथ बातचीत में आरुषि ने इन चर्चाओं पर मजाकिया अंदाज में प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि चिराग पासवान उनके अच्छे मित्र हैं और वह उन्हें बधाई देने के लिए किताब लेकर गई थीं, लेकिन लोगों ने उसी को शादी का कार्ड बना दिया. आरुषि ने इसे सार्वजनिक जीवन में रहने का एक हिस्सा बताते हुए कहा कि कभी-कभी छोटी सी गलतफहमी भी चर्चा का विषय बन जाती है.
कौन हैं आरुषि निशंक?
आरुषि निशंक उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक की बेटी हैं. वह अभिनेत्री, फिल्म निर्माता और प्रशिक्षित कथक डांसर हैं. मनोरंजन जगत में उन्हें जुबिन नौटियाल के म्यूजिक वीडियो ‘वफा ना रास आई’ से पहचान मिली. इसके अलावा वह ‘लाइफ हिल गई’ और ‘मेजर निराला’ जैसे प्रोजेक्ट्स से भी जुड़ी रही हैं.
चिराग पासवान के साथ शादी की अफवाहों पर प्रतिक्रिया देने के बाद आरुषि एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन उनके बयान ने दोनों के रिश्ते को लेकर चल रही चर्चाओं पर विराम लगा दिया है.