Viral Video: मुंबई में सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन (CINTAA) का ऑफिस इन दिनों फिल्मों की शूटिंग नहीं बल्कि सितारों के बीच चल रही खींचतान को लेकर सुर्खियों में है. शुक्रवार को सामने आए कुछ वीडियो ने इस विवाद की तस्वीर और साफ कर दी. वीडियो में पूनम ढिल्लों, पद्मिनी कोल्हापुरे, उपासना सिंह, कुनिका सदानंद समेत कई कलाकारों के बीच तीखी बहस होती नजर आ रही है. मामला इतना बढ़ गया कि पुलिस को मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव करना पड़ा.
दरअसल, CINTAA के अंदर चल रहे विवाद की शुरुआत कुछ समय पहले हुई थी. कुनिका सदानंद ने आरोप लगाया था कि संस्था के आधिकारिक कागजात और फाइलें पूनम ढिल्लों की गाड़ी में रखकर ले जाई गईं. सामने आए एक वीडियो में कुछ सदस्य इसी मामले को लेकर पद्मिनी कोल्हापुरे से सवाल करते नजर आते हैं. उनसे पूछा जाता है कि क्या वह कागजात ले जाने की बात स्वीकार कर रही हैं. इस पर पद्मिनी कमेटी को भंग करने से जुड़ा लेटर दिखाने की बात कहती हैं.
पूनम ढिल्लों ने उठाया सवाल
मामला बिगड़ता देख पुलिसकर्मी कलाकारों को शांत कराने की कोशिश करते हैं. पुलिस साफ कहती है कि वह इस विवाद में थर्ड पार्टी है और उसके लिए सभी लोग बराबर हैं. इसी दौरान पद्मिनी दावा करती हैं कि उनका ‘डेटा चोरी’ हुआ है. दूसरे वीडियो में पूनम ढिल्लों अपनी कार की तलाशी लिए जाने पर सवाल उठाती दिखाई देती हैं. इसी दौरान उनकी कुनिका से बहस हो जाती है. पुलिस को दोनों पक्षों को शांत कराने के लिए सख्त लहजा अपनाना पड़ता है.
एक पुलिसकर्मी कलाकारों को यह तक याद दिलाता है कि लोग उन्हें देख रहे हैं और उन्हें अपनी गरिमा का ख्याल रखना चाहिए. विवाद यहीं खत्म नहीं हुआ. उपासना सिंह ने कथित तौर पर भेजे जा चुके दस्तावेज वापस मंगाने की मांग की, जिस पर पुलिस ने साफ किया कि यह उनका काम नहीं है. अगर दस्तावेजों से छेड़छाड़ हुई है, तो संबंधित लेबर अथॉरिटी उन्हें पेश करने के लिए कह सकती है.
आखिर CINTAA में क्यों मचा है घमासान?
दरअसल, अगस्त में CINTAA की 21 सदस्यीय चुनी हुई कमेटी में से 11 सदस्यों ने इस्तीफा दे दिया था. इनमें 8 निर्वाचित प्रतिनिधि भी शामिल थे. संयुक्त पत्र में सदस्यों ने आरोप लगाया कि संस्था सामूहिक निर्णय, सलाह-मशविरा और संवैधानिक प्रक्रिया से दूर जा रही है. उपासना सिंह ने इस्तीफों की संख्या का हवाला देते हुए कमेटी के भंग होने की बात कही. वहीं पूनम ढिल्लों ने इसका विरोध किया. इसी बीच चुनाव की घोषणा और दस्तावेजों को लेकर विवाद और गहरा गया. अब CINTAA के भीतर की यह लड़ाई खुले तौर पर सामने आ चुकी है और सितारों के बीच हुई बहस के वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने हुए हैं.