Dhurandhar 2 OTT Release: रणवीर सिंह अभिनीत फिल्म धुरंधर: द रिवेंज बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन के बाद ओटीटी पर भी रिलीज होगी, जिसके राइट्स पाने के लिए OTT जगत में होड़ मची हुई है. खबरों के मुताबिक, धुरंधर 2 के डिजिटल राइट्स जियोहॉटस्टार ने भारी भरकम रकम में खरीदे हैं.
बता दें कि धुरंधर का पहला भाग नेटफ्लिक्स पर प्रसारित हुआ था, लेकिन ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स दूसरे भाग के डिजिटल अधिकार हासिल करने में असफल रहा. वहीं इसका सैटेलाइट प्रीमियर स्टार गोल्ड पर होगा.
धुरंधर 2 ऑनलाइन कब और कहां देखें
खबरों के अनुसार फिल्म के डिजिटल अधिकार लगभग 150 करोड़ रुपये में खरीदे गए हैं. उम्मीद है कि यह फिल्म मई के अंत या जून 2026 की शुरुआत में स्ट्रीमिंग के लिए उपलब्ध हो जाएगी. हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है. ‘धुरंधर: द रिवेंज’ का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन कमाल का रहा है. यह भारत में 1000 करोड़ रुपये का शुद्ध संग्रह करने वाली पहली हिंदी फिल्म बन गई है. 32 दिनों के बाद इसका शुद्ध संग्रह 1,115.67 करोड़ रुपये है और अभी भी ये फिल्म सिनेमाघरों में धमाल मचा रही है. विश्वव्यापी कुल संग्रह 1,756.64 करोड़ रुपये है, जिससे यह अब तक की तीसरी सबसे अधिक कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बन गई है.
आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने 3000 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई करने वाली पहली भारतीय फिल्म फ्रैंचाइज़ बनकर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है. इस फिल्म ने एसएस राजामौली की बाहुबली और अल्लू अर्जुन की पुष्पा को भी पीछे छोड़ दिया है.
धुरंधर 2 के बारे में
धुरंधर: द रिवेंज में रहमान डकैत (अक्षय खन्ना) की हत्या के बाद ल्यारी में शेर-ए-बलूच के रूप में रणवीर सिंह के किरदार हमजा अली मजारी के उदय को दिखाया गया है. फिल्म में हमजा की पारिवारिक पृष्ठभूमि भी दिखाई गयी है, जिसमें उन्हें जसकीरत सिंह रंगी के रूप में दिखाया गया है. फिल्म में जमील जमाली के रूप में राकेश बेदी का रोल भी काफी अच्छा है.