Dhurandhar 3 News: 3000 करोड़ से ज्यादा की कमाई करने वाली स्पाई थ्रिलर फिल्म धुरंधर दुनियाभर में लोगों को अपना दीवाना बना चुकी है. अब सभी फैंस की जुबान पर बस एक ही सवाल है- क्या ‘धुरंधर 3’ आएगी?
सोशल मीडिया पर लोगों की बढ़ती डिमांड के बीच फिल्म में जमील जमाली का यादगार रोल निभाने वाले एक्टर राकेश बेदी ने इस सवाल पर बड़ा बयान दिया है. उनके इस बयान ने इंटरनेट पर फिल्म के तीसरे पार्ट को लेकर सनसनी मचा दी है.
राकेश बेदी के बयान ने मचाई खलबली
आदित्य धर के निर्देशन में बनी ‘धुरंधर 2’ की सफलता के बाद फैंस लगातार फिल्म के तीसरे पार्ट की डिमांड कर रहे हैं. इसी बीच फिल्म में आइकॉनिक किरदार निभाने वाले एक्टर राकेश बेदी ने एक बड़ा खुलासा किया है. जूम के साथ हुए खास इंटरव्यू में राकेश बेदी ने फिल्म की कामयाबी और इसके अगले पार्ट यानी ‘धुरंधर 3’ को लेकर चल रही चर्चाओं पर खुलकर बात की. फिल्म के तीसरे पार्ट को लेकर जब राकेश बेदी से सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा, ‘मुझे नहीं लगता कि इसका तीसरा पार्ट आएगा. हालांकि, धुरंधर एक फ्रेंचाइजी है, जिसे भविष्य में कभी भी दूसरे एक्टर्स के साथ आगे बढ़ाया जा सकता है. लेकिन इस फिल्म की कहानी स्पाई के अपने वतन वापस लौटने के साथ ही खत्म हो जाती है.’
इसके साथ ही फिल्म में अपने किरदार जमील जमाली के बारे में बात करते हुए राकेश बेदी ने बताया, ‘दर्शकों के लिए वह सीन फिल्म का सबसे बड़ा हाईलाइट था, लेकिन हमारे लिए वह बाकी सीन्स जैसा ही था. हालांकि, हमें इस बात का अंदाजा था कि यह सीन सिनेमाघरों में हलचल जरूर मचाएगा. धुरंधर के पहले पार्ट की ब्लॉकबस्टर सफलता ने दूसरे पार्ट को देखने का दर्शकों का नजरिया पूरी तरह बदल दिया था.’ उन्होंने आगे कहा, ‘अब दर्शक फिल्म देखने के बाद यह तय नहीं करते कि वह कैसी है, बल्कि वे पहले से ही यह मानकर सिनेमाघर आते हैं कि फिल्म शानदार होगी, क्योंकि इसका पिछला हिस्सा बेहतरीन था. लोग दूसरे पार्ट को बस यूं ही देखने नहीं गए थे, बल्कि उनमें यह जानने की भारी उत्सुकता थी कि कहानी आगे क्या मोड़ लेती है. यही वजह है कि अब दर्शक इसके तीसरे पार्ट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.’
बॉक्स ऑफिस पर मचाया धमाल
आदित्य धर के निर्देशन में बनी स्पाई थ्रिलर फ्रेंचाइजी धुरंधर ने बॉक्स ऑफिस पर कामयाबी के नए झंडे गाड़ दिए हैं. फिल्म के दोनों पार्ट ने मिलकर दुनियाभर में 3000 करोड़ से ज्यादा का बिजनेस किया है जो ऐतिहासिक है. इससे पहले दिसंबर 2025 में आई पहली फिल्म ने करीब 1300 करोड़ की वर्ल्डवाइड कमाई की थी, जिसे दर्शकों और क्रिटिक्स दोनों ने खूब सराहा था. पहली फिल्म के बाद से ही दर्शक दूसरी फिल्म का इन्तजार कर रहे थे. जैसे ही इसकी सीक्वल फिल्म धुरंधर: द रिवेंज रिलीज हुई तो फिल्म ने रिलीज होते ही सारे रिकॉर्ड्स ध्वस्त कर दिए. यह घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 1100 करोड़ का आंकड़ा छूने वाली पहली हिंदी फिल्म बन गई है. बता दें कि अब तक इसका वर्ल्डवाइड कलेक्शन 1700 करोड़ के पार पहुंच चुका है. फिल्म की कहानी पाकिस्तान की पृष्ठभूमि पर आधारित है, जहां अभिनेता रणवीर सिंह ने भारतीय जासूस की भूमिका निभाई है.